उज्जैन: सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन के मेला क्षेत्र में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई को लेकर अब भाजपा के भीतर से भी सवाल उठने लगे हैं। भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने महापौर, निगमायुक्त, संभागायुक्त और उज्जैन उत्तर विधायक को पत्र लिखकर जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की है।
शिवेंद्र तिवारी का कहना है कि अवैध निर्माण एक-दो दिन में खड़े नहीं हो जाते। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि ये निर्माण अवैध थे, तो संबंधित अधिकारियों ने समय रहते इन्हें रोकने के लिए कार्रवाई क्यों नहीं की?
उन्होंने मांग की है कि अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के साथ-साथ यह भी तय किया जाए कि इन्हें होने देने के लिए कौन जिम्मेदार है।
अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग
तिवारी ने 23 नवंबर 2022 के MIC ठहराव क्रमांक 64 और नगर पालिक निगम अधिनियम की धारा 292 का हवाला देते हुए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माणों पर नियमानुसार कार्रवाई हो, लेकिन मंदिरों, आश्रमों और धर्मशालाओं के लिए सम्मानजनक समाधान भी तलाशा जाए।
ये भी पढ़ें: मोबाइल PLI योजना से सरकार को ₹25 हजार करोड़ का प्रत्यक्ष कर, करीब 12 लाख लोगों को मिला रोजगार
अवैध कॉलोनियां काटने वालों पर भी कार्रवाई की मांग
पार्षद ने कहा कि सिंहस्थ क्षेत्र में कथित अवैध कॉलोनियां काटकर जमीन बेचने वालों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। केवल मकान बनाने वालों पर कार्रवाई करने के बजाय जमीन बेचने और निर्माण नहीं रोकने वाले जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाए।

