सागर: मोतीनगर थाना क्षेत्र में बाबा के भेष में घर पहुंचकर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महिला को उसके पति पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर डराया और कथित उपाय के बहाने घर से सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गए चांदी के गहने और नकदी बरामद की है
आटा मांगने के बहाने घर आए थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, ग्राम अमेट निवासी मनीषा पटेल ने 25 अक्टूबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि दो व्यक्ति बाबा के भेष में उसके घर आए और आटा मांगने लगे।
बातचीत के दौरान दोनों ने उसके पति पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर उसे डराया। इसके बाद कथित उपाय के नाम पर महिला को बहलाकर नहाने के लिए भेज दिया। इसी दौरान दोनों आरोपी घर से चांदी की दो जोड़ी बिछिया, आधार कार्ड और घर के खर्च के लिए रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
ये भी पढे़ं:उज्जैन में मावा फैक्ट्रियों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 3 दुकानों के सैंपल भोपाल भेजे
आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल बरामद
शिकायत के बाद मोतीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी पहचान चौबे पिता सलीम गुसाईं (31) और सोचेंद्र पिता संजीवन (26), निवासी इंद्रानगर, उरई, जिला जालौन (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। उनके कब्जे से चोरी गए चांदी के गहने और नकदी बरामद की गई। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड बनवा रखे थे।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि महिला को डराकर चोरी करने के आरोप में दोनों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

