छतरपुर: छतरपुर के चंदला थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर पर लदी लकड़ी की भारी पाटी बाइक सवार तीन लोगों पर गिर गई। हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी मां और मौसी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीनों मुंडन संस्कार से लौट रहे थे। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया।
ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
बंसिया गांव निवासी लीला प्रजापति (43) अपनी बड़ी बहन विमला प्रजापति (46) और उनके बेटे कपिल प्रजापति (19) के साथ उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के रिवई गांव में मुंडन संस्कार में शामिल होने गई थीं। 25 अक्टूबर को कार्यक्रम से लौटते समय ग्राम गहरौली के पास उनकी बाइक आगे चल रहे लकड़ी से लदे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने लगी। इसी दौरान ट्रैक्टर पर रखी भारी लकड़ी की पाटी असंतुलित होकर बाइक सवारों पर गिर गई।
अस्पताल में दोनों महिलाओं की मौत
हादसे में कपिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां विमला और मौसी लीला गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने दोनों को महोबा अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। एक ही हादसे में तीन परिजनों की मौत से दोनों परिवारों में शोक छा गया।
यह भी पढ़ें: भोपाल में 7 क्विंटल प्रतिबंधित पनीर जब्त, दिवाली से पहले खपाने की तैयारी
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
बांसिया थाना प्रभारी दिलीप जादोन के अनुसार, हादसा मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा के पास हुआ। तीनों शवों का पोस्टमार्टम महोबा में कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।

