उज्जैन: जिले के खरसौद खुर्द में उस समय अफरातरी मच गई, जब बिजली बिल की वसूली करने गई टीम के साथ किसान और उसके बेटे ने मारपीट कर दी।
घटना में कर्मचारी की बाईं आंख, कंधे और सिर में चोट आई है। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। पुलिस ने किसान श्याम पंड्या और उसके बेटे अर्जुन पंड्या के खिलाफ केस दर्ज किया है।
अधिकारी ने लगाए अभद्रता के आरोप
बिजली विभाग में वरिष्ठ परीक्षण सहायक के पद पर पदस्थ ईश्वर भिलाला ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे वह साथी कर्मचारियों कचरू गारी, घनश्याम गारी और अनिल के साथ श्याम पंड्या के खेत स्थित मकान पर अस्थाई कृषि बिजली कनेक्शन के बिल की वसूली के लिए पहुंचे थे।
ईश्वर के मुताबिक, श्याम पंड्या ने बिल जमा करने से इनकार कर उन्हें घर से जाने को कहा। ईश्वर ने कनेक्शन काटने की बात कही तो श्याम ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्द कहे और गाली-गलौज की। इसके बाद उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान श्याम का बेटा अर्जुन भी वहां पहुंचा और उसने भी मारपीट की।
थाने में एफआईआर के लिए करना पड़ी मशक्कत
घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारी और अधिकारी किसी तरह वहां से निकलकर थाने पहुंचे। बताया गया कि वे करीब चार घंटे तक एफआईआर दर्ज कराने के लिए मशक्कत करते रहे। बाद में बिजली विभाग का पूरा अमला थाने पहुंचा। इसके बाद रात करीब 8 बजे श्याम और अर्जुन पंड्या के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
ये भी पढ़़ें: भोपाल में शिक्षक अभ्यर्थियों का चक्काजाम, नियुक्ति पत्र की मांग पर सड़क पर लेटे; हिरासत में लेने पर गाया राष्ट्रगान
घटना का वीडियो वायरल
गुरुवार को वायरल हुए वीडियो में कथित तौर पर पंड्या परिवार के लोगों और बिजली विभाग के कर्मचारियों के बीच विवाद दिखाई दे रहा है। बताया गया कि विवाद में दो पुरुषों और तीन महिलाओं के शामिल होने की बात सामने आई है। हालांकि, वायरल वीडियो और सभी लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच से होना बाकी है।
ईश्वर भिलाला ने घटना की जानकारी खरसौद खुर्द के एई सौरभ गोस्वामी को दी थी। पुलिस ने श्याम और अर्जुन पंड्या के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

