भोपाल: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में 01 नवंबर को एकलव्य आवासीय विद्यालय (गुरुकुलम), भोपाल में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत वृहद विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 550 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण देखा
कार्यक्रम का शुभारंभ इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक में आयोजित राज्य स्तरीय शुभारंभ समारोह के सीधे प्रसारण के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से इसका प्रसारण देखा।
विशेष न्यायाधीश ने कहानियों से समझाया पॉक्सो अधिनियम
जागरूकता सत्र में विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) कुमुदिनी पटेल ने पॉक्सो अधिनियम 2012 के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा और अनुचित व्यवहार को समझने के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी अनुचित व्यवहार को छिपाना नहीं चाहिए, तुरंत अभिभावक या शिक्षक को बताना चाहिए।
सचिव ने बताए बाल अधिकार और विधिक सहायता के उपाय
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव हिमांशु कौशल ने नालसा, सालसा और जिला प्राधिकरण की संरचना और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कमजोर वर्ग को निःशुल्क अधिवक्ता, विधिक परामर्श और लोक अदालत की सुविधा दी जाती है। उन्होंने किशोर न्याय अधिनियम 2015, पॉक्सो अधिनियम और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के बारे में भी बताया।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
जिला विधिक सहायता अधिकारी मुहम्मद जीलानी ने नालसा-सालसा की योजनाओं की जानकारी दी और राष्ट्रीय विधिक सेवा हेल्पलाइन 15100 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
यह भी पढ़ें: भोपाल संभाग आयुक्त की NDPS में बड़ी कार्रवाई, एक और ड्रग्स तस्कर इंदौर जेल भेजा गया
सपोर्ट पर्सन की भूमिका बताई
आवाज संस्था के सपोर्ट पर्सन नितिन व्यास ने बताया कि पॉक्सो पीड़ित बच्चों और उनके परिवार को भावनात्मक सहयोग और न्यायिक प्रक्रिया में मदद करना सपोर्ट पर्सन की जिम्मेदारी है। रिसोर्स पर्सन मालती पटेल ने भी बाल अधिकारों पर जानकारी दी।
01 से 06 नवंबर तक चलेंगी गतिविधियां
नालसा के अभियान के तहत 01 से 06 नवंबर तक विद्यालयों में बाल सुरक्षा, बाल अधिकारों और ऑनलाइन सुरक्षा पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम में प्राचार्य अमृत राज झारिया ने स्वागत और वेद प्रकाश पांडेय ने आभार माना।

