नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले भाजपा ने संगठन की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर मंथन तेज कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिवों के साथ बैठक की। इसमें संगठन के कामकाज, विभिन्न गतिविधियों और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष, स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े और सुनील बंसल समेत अन्य नेता शामिल हुए। बैठक के बाद नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
विपक्ष के अभियान के जवाब में भाजपा की पदयात्रा
इससे एक दिन पहले बुधवार को नितिन नवीन ने भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत दिल्ली के चांदनी चौक में मार्च का नेतृत्व किया था। यह मार्च विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी राजनीतिक खींचतान के बीच निकाला गया। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर सवाल उठा रहे हैं और ‘वोट चोरी’ के आरोप लगा रहे हैं। भाजपा अपने अभियान के जरिए विपक्ष के आरोपों का जवाब देने में जुटी है।
यह भी पढ़ें: कराची बंदरगाह पर फंसे छह भारतीय नाविक, परिवार को बच्चों के सवालों का नहीं मिल रहा जवाब
गांधी परिवार पर साधा निशाना
चांदनी चौक में मार्च के दौरान नितिन नवीन ने गांधी परिवार और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘कांग्रेस-आई’ का मतलब ‘कांग्रेस-इंदिरा’ नहीं, बल्कि ‘इटैलियन कांग्रेस’ है। उन्होंने कांग्रेस की चुनावी हार को नागरिकों की ओर से किया गया शुद्धिकरण भी बताया।
भाजपा की संगठनात्मक बैठक और दिल्ली में मार्च को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। एक ओर पार्टी संगठन के कामकाज और भावी कार्यक्रमों की समीक्षा कर रही है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष के आरोपों के जवाब में अपने अभियान को भी आगे बढ़ा रही है।

