बेंगलुरु: आलीशान होटल में छुट्टियां बिताने और आराम के लिए पहुंचे दो विदेशी नागरिकों की जिंदगी एक हादसे में खत्म हो गई। बेंगलुरु के कॉनराड होटल में शुक्रवार शाम स्विमिंग पूल के अंदर बिजली का करंट फैलने से दो लोगों की मौत हो गई। घटना ने होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्ति अलग-अलग देशों से थे और पेशेवर रूप से अच्छी पहचान रखते थे। मृतकों में जर्मनी के 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थाइस और स्लोवाकिया के 45 वर्षीय जुराज होर्वाट शामिल हैं।
कामकाजी जीवन में अलग पहचान, लेकिन हादसे ने छीन ली जिंदगी
इस घटना में जान गंवाने वाले अलेक्जेंडर लुफ्थांसा एयरलाइंस से जुड़े थे, जबकि जुराज अंतरराष्ट्रीय टेक कंपनी IBM में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। दोनों बेंगलुरु के सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट स्थित होटल में ठहरे हुए थे।
शुक्रवार शाम दोनों होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में पहुंचे थे। इसी दौरान पूल में बिजली का करंट फैलने की आशंका जताई गई। देखते ही देखते दोनों इसकी चपेट में आ गए।
मदद के लिए आगे आए लोग भी नहीं बच सके करंट से
पूल में हुए हादसे के बाद एक अमेरिकी मेहमान और होटल कर्मचारी ने दोनों को बचाने की कोशिश की। इस दौरान 41 वर्षीय मैथ्यू डीसेंटिस और 28 वर्षीय पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए।
दोनों को तत्काल मणिपाल अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह है कि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
यह भी पढ़ें: हूती विद्रोहियों का यमन के राष्ट्रपति भवन पर मिसाइल हमला, सऊदी अरब पर भी ड्रोन अटैक
जांच के घेरे में होटल की सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि स्विमिंग पूल तक बिजली का करंट किस वजह से पहुंचा। इलेक्ट्रिकल सिस्टम में खराबी थी या सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था, इसकी जांच की जा रही है।
घटना के बाद होटल की वेबसाइट पर पूल को 31 अक्टूबर से 30 नवंबर तक रखरखाव के लिए बंद रखने की सूचना दी गई है। हालांकि होटल प्रबंधन की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

