उज्जैन: शनिवार को बॉलीवुड फिल्मों की अभिनेत्री तमन्ना भाटिया भगवान महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुईं। वे सुबह करीब 4 बजे अपनी मां और परिवार के साथ मंदिर पहुंचीं। पारंपरिक साड़ी पहनकर पहुंचीं तमन्ना ने नंदी हॉल में बैठकर करीब दो घंटे तक भस्म आरती के दर्शन किए और भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
भस्म आरती के दौरान तमन्ना पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना करती नजर आईं। आरती के बाद उन्होंने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना भी कही। इस दौरान महाकाल मंदिर समिति की ओर से तमन्ना और उनके परिवार का सम्मान किया गया।
तमन्ना ने अपने अनुभव साझा किए
दर्शन के बाद तमन्ना ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सुबह होने वाली भस्म आरती में शामिल होने का अवसर मिलना उनके लिए बेहद आनंद का अनुभव है। वे अपनी मां को भी भगवान महाकाल के दर्शन कराने लाई थीं। मां के साथ दर्शन कर उन्हें बेहद खुशी हुई।
ये भी पढ़ें: भोपाल में 24 पेड़ काटने की अनुमति पर विवाद, पर्यावरणविदों ने बताया बाघों का भ्रमण क्षेत्र
चार प्रसिद्ध हस्तियों ने बाबा महाकाल के दर्शन किए
मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने बताया कि, अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में बॉलीवुड की चार प्रसिद्ध हस्तियों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। शनिवार 31 अक्टूबर को प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री तमन्ना भाटिया और फिल्म अभिनेता विनीत शर्मा ने तड़के सुबह आयोजित प्रातः कालीन भस्म आरती में शामिल हुए और भगवान महाकाल के दर्शन किए। सभी हस्तियों का मंदिर समिति की और से स्वागत सत्कार किया गया। सभी हस्तियों ने मंदिर में तस्वीरें क्लिक करवाई, नंदी हॉल में बैठ शिव साधना की, चौखट से माथा टेक भगवान का आशीर्वाद लिया।

