Tuesday, November 3, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsएमपी आयुष कॉलेजों में प्रवेश का आखिरी मौका: 3 नवंबर से रजिस्ट्रेशन,...

एमपी आयुष कॉलेजों में प्रवेश का आखिरी मौका: 3 नवंबर से रजिस्ट्रेशन, 18 नवंबर तक पूरी होगी प्रक्रिया

भोपाल: मध्यप्रदेश के आयुष कॉलेजों में खाली रह गई सीटों पर प्रवेश के लिए एक बार फिर काउंसलिंग का रास्ता खुलने जा रहा है। बीएएमएस, बीएचएमएस और बीयूएमएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए स्ट्रे वैकेंसी राउंड-I (स्टेट कोटा) की प्रक्रिया 3 नवंबर से शुरू होगी। नीट यूजी-2026 में पात्र विद्यार्थी 5 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकेंगे। पहले के काउंसलिंग चरणों में प्रवेश से चूक गए अभ्यर्थियों को भी इस राउंड में कॉलेज चुनने का अवसर मिलेगा। पूरी प्रवेश प्रक्रिया 18 नवंबर तक चलेगी।

संचालनालय आयुष ने स्ट्रे वैकेंसी राउंड का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत अभ्यर्थियों को पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करनी होगी। रिक्त सीटों की वास्तविक स्थिति 7 नवंबर को जारी की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी अपनी पसंद के कॉलेजों का चयन कर सकेंगे।

इससे पहले तीसरे चरण की काउंसलिंग के दौरान प्रदेश के 66 आयुष कॉलेजों में 2776 सीटें रिक्त बताई गई थीं। इनमें राज्य कोटे की 2380, अखिल भारतीय कोटे की 333 और नैचुरोपैथी एवं योग की 63 सीटें शामिल थीं। हालांकि, ये आंकड़े तीसरे चरण के समय के हैं। स्ट्रे वैकेंसी राउंड में उपलब्ध सीटों की संख्या अलग हो सकती है।

3 से 18 नवंबर तक चलेगी प्रवेश प्रक्रिया

आयुष कॉलेजों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को इस कार्यक्रम के अनुसार प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

  • ऑनलाइन पंजीयन: 3 से 5 नवंबर
  • दस्तावेज सत्यापन: 4 से 6 नवंबर
  • रिक्त सीटों की जानकारी और मेरिट सूची: 7 नवंबर
  • कॉलेजों की चॉइस फिलिंग: 8 से 11 नवंबर
  • कॉलेजवार मेरिट सूची: 14 नवंबर
  • कॉलेजों में रिपोर्टिंग: 16 और 17 नवंबर
  • अस्थायी प्रवेश: 18 नवंबर

पसंद के कॉलेज चुनने का मिलेगा अवसर

अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीयन के दौरान शैक्षणिक योग्यता और नीट परीक्षा से संबंधित जानकारी सावधानीपूर्वक भरनी होगी। दस्तावेज सत्यापन के लिए निर्धारित हेल्प सेंटर पर पहुंचना अनिवार्य होगा। मेरिट सूची जारी होने के बाद अभ्यर्थी अपनी पसंद के कॉलेजों का चयन कर सकेंगे।

चॉइस फिलिंग में कॉलेजों की प्राथमिकता तय करना महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि इसी के आधार पर आगे की प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय में विकल्प भरने और आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी पाठ्यक्रमों में प्रवेश

स्ट्रे वैकेंसी राउंड के माध्यम से बीएएमएस, बीएचएमएस और बीयूएमएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। बीएएमएस आयुर्वेद, बीएचएमएस होम्योपैथी और बीयूएमएस यूनानी चिकित्सा का स्नातक पाठ्यक्रम है। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश नीट यूजी-2026 की पात्रता और निर्धारित मेरिट के आधार पर होगा।

भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन और रीवा सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में सरकारी और निजी आयुष महाविद्यालय संचालित हैं। उपलब्ध सीटों के अनुसार अभ्यर्थियों को कॉलेज चुनने का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें : सीहोर में नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को उम्रकैद, आरोपी की पत्नी को भी 5 साल की सजा

समय-सीमा चूके तो हाथ से निकल सकता है मौका

नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष छात्र संघ के डॉ. हरेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि स्ट्रे वैकेंसी राउंड आयुष चिकित्सा शिक्षा में प्रवेश से वंचित पात्र विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इससे महाविद्यालयों में खाली सीटों का सदुपयोग होगा और अधिक विद्यार्थियों को आयुष चिकित्सा शिक्षा से जुड़ने का मौका मिलेगा।

उन्होंने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय में ऑनलाइन पंजीयन कराने, दस्तावेज सत्यापन पूरा करने और चॉइस फिलिंग के दौरान कॉलेजों का चयन सावधानीपूर्वक करने की अपील की है।

कहां करें पंजीयन: अभ्यर्थी मध्यप्रदेश आयुष काउंसलिंग के आधिकारिक पोर्टल ayush.mponline.gov.in पर जाकर काउंसलिंग संबंधी जानकारी और आवेदन प्रक्रिया देख सकते हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन