मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर से 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। उन्हें लॉरेंस गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के नाम से धमकी भरा फोन किया गया। हालांकि, पुलिस की जांच में कॉल करने वाले की आवाज फर्जी निकली। न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, तुषार कपूर ने धमकी भरे कॉल की शिकायत मुंबई पुलिस से की थी। इसके बाद मामले की जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंपी गई।
क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की। आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से किया गया। जांच में दोनों की आवाज अलग पाई गई। अब पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसने धमकी भरी ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी थी।
हैरी बॉक्सर पर कई लोगों को धमकी देने का आरोप
गौरतलब है कि लॉरेंस गैंग के गुर्गे हैरी बॉक्सर पर बॉलीवुड और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों को धमकी देने के आरोप हैं। इनमें सबसे प्रमुख नाम एक्टर रणवीर सिंह का है।
हैरी ने रणवीर के मैनेजर को वॉइस नोट भेजकर 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। रकम नहीं देने पर रणवीर और उनके स्टाफ को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के पीछे भी हैरी बॉक्सर और लॉरेंस गैंग का हाथ बताया गया था। इसकी जिम्मेदारी उन्होंने एक वॉइस नोट के जरिए ली थी।
मशहूर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा को भी हैरी बॉक्सर ने धमकी दी थी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित ऑडियो के अनुसार, सलमान खान से नजदीकियों के कारण गुरु रंधावा के दिल्ली स्थित एक जिम पर फायरिंग करवाई गई थी। उन्हें आगे के लिए चेतावनी भी दी गई थी।
इसके अलावा कॉमेडियन कपिल शर्मा भी गैंग के निशाने पर रहे हैं। कनाडा में उनके कैफे पर फायरिंग हो चुकी है।
ये भी पढ़ें: शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 800 अंक चढ़ा; निफ्टी में भी 200 अंकों की उछाल
तुषार कपूर एक्टर जितेंद्र के बेटे हैं
गौरतलब है कि तुषार कपूर फेमस एक्टर जितेंद्र और प्रोड्यूसर शोभा कपूर के बेटे हैं। उनकी बड़ी बहन एकता कपूर टीवी और फिल्म प्रोड्यूसर हैं।
तुषार ने साल 2001 में फिल्म ‘मुझे कुछ कहना है’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनके साथ करीना कपूर नजर आई थीं। फिल्म हिट रही और तुषार को बेस्ट मेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला।

