Wednesday, November 4, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsधार में सहकारी समिति प्रबंधक के तीन ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा,...

धार में सहकारी समिति प्रबंधक के तीन ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 2.41 करोड़ की संपत्ति का खुलासा

इंदौर। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत इंदौर लोकायुक्त की टीम ने बुधवार को धार जिले में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। शुरुआती जांच में ठाकुर के पास आय से अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। करीब 20 साल की नौकरी के दौरान उन्हें वेतन के रूप में 65 लाख रुपए मिले, जबकि इस अवधि में उनके द्वारा 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपए की संपत्ति अर्जित करने और खर्च किए जाने का पता चला है। लोकायुक्त के प्रारंभिक आकलन के मुताबिक, यह संपत्ति उनकी ज्ञात वैध आय से 271.46 प्रतिशत अधिक है।

लोकायुक्त पुलिस ने इस मामले में ठाकुर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। बुधवार को तीन अलग-अलग टीमें सोडपुर, नालछा और मांडव स्थित उनके ठिकानों पर तलाशी ले रही हैं। कार्रवाई के दौरान संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, बैंक संबंधी जानकारी और अन्य सामान जुटाए जा रहे हैं।

97 लाख रुपए में बनवाया दो मंजिला मकान

जांच में सामने आया है कि शेरसिंह ठाकुर ने ग्राम सोडपुर, तहसील नालछा में 0.1520 हेक्टेयर का भूखंड खरीदा। इस पर करीब 2400 वर्गफीट क्षेत्र में दो मंजिला मकान बनवाया गया है। भूखंड की खरीद और मकान निर्माण पर लगभग 97 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है।

इसके अलावा नालछा में मांडव रोड स्थित सोडपुर तिराहे पर 1350 वर्गफीट का एक अन्य भवन भी खरीदा गया है। इस भवन का इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है।

पत्नी के नाम पर भी लाखों की कृषि भूमि

लोकायुक्त की जांच में ठाकुर की पत्नी कविता के नाम पर खरीदी गई कृषि भूमि का भी पता चला है। ग्राम सोडपुर, तहसील पीथमपुर में 0.645 हेक्टेयर जमीन 8 लाख रुपए में खरीदी गई। वहीं ग्राम मांडव, तहसील पीथमपुर में 2.526 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदने पर करीब 42 लाख रुपए खर्च किए गए।

SUV, ट्रैक्टर, कार और बुलेट भी मिली

तलाशी के दौरान ठाकुर के ठिकानों से SUV, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा जीप, ऑल्टो कार, बुलेट मोटरसाइकिल और कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न यंत्र-संयंत्र मिले हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 53 लाख रुपए आंकी गई है।

इसके अलावा ठाकुर से जुड़े एक अन्य कथित बेनामी भवन की जानकारी भी सामने आई है। लोकायुक्त टीम इसकी पुष्टि करने में जुटी है। विभिन्न स्थानों पर मिले ट्रैक्टर, ट्रॉलियों और कृषि उपकरणों के स्वामित्व तथा वास्तविक कीमत का भी सत्यापन किया जा रहा है।

दस्तावेजों की जांच के बाद होगा अंतिम आकलन

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. राजेश सहाय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की जा रही है। टीम में डीएसपी आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर और सचिन पटेरिया सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की जा रही है।

एसपी राजेश सहाय के मुताबिक, तीनों ठिकानों पर सर्चिंग और दस्तावेजों की जांच जारी है। तलाशी पूरी होने के बाद संपत्तियों का वास्तविक मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद ही ठाकुर की वैध आय और अर्जित संपत्ति के बीच अंतर का अंतिम आकलन सामने आएगा।

 

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन