Thursday, November 5, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsअर्जुन सिंह की जयंती पर भोपाल में होंगे कई कार्यक्रम, शाम को...

अर्जुन सिंह की जयंती पर भोपाल में होंगे कई कार्यक्रम, शाम को सजेगी मुशायरे और कवि सम्मेलन की महफिल

भोपाल: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह की जयंती पर 5 नवंबर को राजधानी भोपाल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़ी हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी और प्रदेश के विकास में उनके योगदान को याद करेंगी। जयंती के अवसर पर सुबह पुष्पांजलि और सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा होगी, जबकि रात में मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 10 बजे व्यापम चौराहे पर स्थित अर्जुन सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके बाद सुबह 10:30 बजे मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर के सेंट्रल हॉल में सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। इसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। सभी नेता उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करेंगे।

इसके बाद सुबह 11 बजे शिवाजी नगर स्थित मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय इंदिरा भवन में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा। यहां कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक अर्जुन सिंह को श्रद्धांजलि देंगे।

रात 8 बजे से होगा मुशायरा और कवि सम्मेलन

जयंती के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। भोपाल के सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान में रात 8 बजे से भव्य मुशायरा एवं कवि सम्मेलन होगा। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से आए नामचीन शायर और कवि अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।

आयोजन में इमरान प्रतापगढ़ी, नदीम फर्रुख एटा, अंजुम बाराबंकी, हास्य कवि डॉ. आदित्य जैन (कोटा), अंजुम रहबर (मुंबई), खुशबू शर्मा (दिल्ली), शाहिद अंजुम (हिमाचल प्रदेश) और आरिफ शेख (हैदराबाद) सहित कई प्रतिष्ठित रचनाकार शामिल होंगे।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि होंगे, जबकि जम्मू-कश्मीर के पूर्व सांसद लाल सिंह अध्यक्षता करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील शामिल रहेंगे।

यह भी पढ़ें: यूक्रेन में राहत केंद्र पर रूसी हवाई हमला, 29 लोगों की मौत: जेलेंस्की बोले- रूस शांति नहीं चाहता

प्रदेश के विकास में अहम योगदान के लिए याद किए जाएंगे अर्जुन सिंह

अर्जुन सिंह मध्य प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे। इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। प्रदेश की राजनीति में उन्हें उनकी प्रशासनिक क्षमता और दूरदर्शी फैसलों के लिए जाना जाता है।

उनके कार्यकाल के दौरान गरीबों, वंचितों और शोषित वर्गों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। प्रदेश में दस्यु समस्या के समाधान, झुग्गीवासियों को मालिकाना हक दिलाने, तेंदूपत्ता संग्राहकों को लाभांश देने और पिछड़ा वर्ग कल्याण के लिए महाजन आयोग के गठन जैसे कार्यों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।

राष्ट्रीय राजनीति में भी अर्जुन सिंह का योगदान उल्लेखनीय रहा। पंजाब में राजीव-लोंगोवाल समझौते से जुड़े प्रयासों और केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री के रूप में उच्च शिक्षा में ओबीसी आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया में उनकी भूमिका को याद किया जाता है।

5 नवंबर को आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए भोपाल में उन्हें राजनीतिक योगदान के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में उनकी विरासत के लिए भी याद किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन