Thursday, November 5, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsरेलवे की बैठक में सांसदों की बड़ी मांगें, भोपाल से अयोध्या के...

रेलवे की बैठक में सांसदों की बड़ी मांगें, भोपाल से अयोध्या के लिए रोज सीधी ट्रेन चलाने पर जोर

ब्यावरा को रेलवे जंक्शन बनाने, भोपाल से सीहोर के लिए मेमू ट्रेन चलाने और कई स्टेशनों पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव के सुझाव

भोपाल: पश्चिम मध्य रेलवे की बैठक में मध्यप्रदेश के सांसदों और जनप्रतिनिधियों ने रेल यात्री सुविधाओं के विस्तार, नई ट्रेनों के संचालन, विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव और रेलवे अधोसंरचना के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। इनमें भोपाल से अयोध्या के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन चलाने, दिल्ली से इंदौर वाया ग्वालियर-गुना-उज्जैन वंदेभारत एक्सप्रेस शुरू करने और रामगंजमंडी-भोपाल रेल लाइन का काम समय-सीमा में पूरा करने की मांग प्रमुख रही।

बैठक में सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की रेल समस्याओं से अधिकारियों को कराया अवगतबैठक में सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की रेल संबंधी समस्याओं और आवश्यकताओं से रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।

ब्यावरा को जंक्शन बनाने और चांचौड़ा-बीनागंज में ठहराव की मांग

रामगंजमंडी-भोपाल रेल लाइन को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ब्यावरा रेलवे स्टेशन को जंक्शन के रूप में विकसित करने तथा चांचौड़ा-बीनागंज स्टेशन पर इंदौर-ऊना हिमाचल एक्सप्रेस (19307/19308) का ठहराव देने का सुझाव रखा गया।

ग्वालियर के सांसद भारत सिंह कुशवाह ने दिल्ली से इंदौर के बीच वाया ग्वालियर, गुना और उज्जैन वंदेभारत एक्सप्रेस चलाने, ग्वालियर से गुना के बीच मेमू ट्रेन शुरू करने तथा योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस का मोहना स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की।

भोपाल से हावड़ा एक्सप्रेस और सीहोर मेमू का प्रस्ताव

भोपाल के सांसद आलोक शर्मा के प्रतिनिधि ने भोपाल-हावड़ा साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन रानी कमलापति स्टेशन से करने, भोपाल-दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस का इटारसी तक विस्तार करने और रानी कमलापति स्टेशन से सीहोर के लिए मेमू ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा।

देवास के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने ट्रेन संख्या 09465/09466 और 19053/19054 का शाजापुर स्टेशन पर ठहराव देने, सिरोलिया स्टेशन पर यात्री ट्रेन संख्या 19342/19343 का स्टॉपेज सुनिश्चित करने तथा रेलवे गेट क्रमांक 174 कांजा पर रोड ओवरब्रिज बनाने का सुझाव दिया।

छनेरा और हरदा स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग

केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने छनेरा रेलवे स्टेशन पर तुलसी एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-पाटलिपुत्र, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस, उधना-दानापुर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-आगरा कैंट, साईनगर शिरडी-कालका, पुणे-दरभंगा और पंजाब मेल सहित अन्य ट्रेनों के ठहराव की मांग की। उन्होंने भुसावल-नागपुर मेमू ट्रेन का पुनः संचालन शुरू करने तथा हरदा स्टेशन पर विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों को ठहराव देने का प्रस्ताव भी रखा।

भोपाल से अयोध्या के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन चलाने की मांग

राज्यसभा सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल ने भोपाल जंक्शन अथवा रानी कमलापति स्टेशन से अयोध्या के लिए प्रतिदिन सीधी नई ट्रेन चलाने की मांग की। इसके अलावा डॉ. अंबेडकर नगर-प्रयागराज एक्सप्रेस का मंडी बामोरा स्टेशन पर ठहराव, भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी एक्सप्रेस का मंडी बामोरा में स्टॉपेज और यहां प्रधानमंत्री गति शक्ति कार्गो टर्मिनल स्थापित करने का सुझाव दिया।

यह भी पढ़ें: बिना अनुज्ञा पत्र के मक्का का परिवहन करते ट्रक पकड़ाया, परिवहनकर्ता से हजारों रुपये का दांडिक शुल्क वसूला

सांसदों के प्रस्तावों पर नियमानुसार कार्रवाई का दिया आश्वासन

बैठक में महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सांसदों की ओर से रखे गए प्रस्तावों पर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं के विकास, रेल सेवाओं में सुधार और क्षेत्रीय रेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया।

बैठक में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक नीरज कुमार, मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश मंडल, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया सहित पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय और भोपाल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन उप महाप्रबंधक (सामान्य) मनीष कुमार पटेल ने किया।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन