Saturday, November 7, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsMP में फर्जी पासपोर्ट नेटवर्क पर कार्रवाई, 70 में से 31 पासपोर्ट...

MP में फर्जी पासपोर्ट नेटवर्क पर कार्रवाई, 70 में से 31 पासपोर्ट निरस्त; 5 आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर: मध्य प्रदेश में फर्जी तरीके से भारतीय पासपोर्ट बनवाने के मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। STF की जांच रिपोर्ट के आधार पर पासपोर्ट विभाग ने 70 संदिग्ध पासपोर्ट में से 31 को निरस्त कर दिया है। जांच में ग्वालियर के डबरा का कनेक्शन भी सामने आया है। जांच के मुताबिक, निरस्त किए गए पासपोर्ट में से 17 ग्वालियर जिले के डबरा से जारी हुए थे। इन सभी पासपोर्ट में सिमरिया स्थित बौद्ध विहार का पता दर्ज था।

अब तक हो चुकी है 5 लोगों की गिरफ्तारी 

STF की जांच में बांग्लादेशी नागरिकों के फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। इस मामले में 100 से ज्यादा संदिग्ध आरोपियों को चिन्हित किया गया है, जबकि अब तक 5 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और पासपोर्ट बनवाने में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।

बाकी संदिग्ध पासपोर्ट भी निरस्त कराने की तैयारी

जांच में सामने आया कि इन पासपोर्ट में एक ही गवाह और एक ही मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया गया था। इसी के आधार पर ग्वालियर और भोपाल को फर्जी पासपोर्ट रैकेट का प्रमुख केंद्र माना गया। अब बाकी संदिग्ध पासपोर्ट भी निरस्त कराने की तैयारी है।

इस मामले में जांच एजेंसियों ने 100 से ज्यादा आरोपियों को चिन्हित किया है, लेकिन अब तक केवल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

भारतीय नागरिक होने के फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए

STF की जांच में खुलासा हुआ कि बांग्लादेशी नागरिकों ने अपनी असली पहचान छिपाकर नाम बदले और भारतीय नागरिक होने के फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए। इन्हीं जाली दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट जारी कराए गए। भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेज बनवाने के इस नेटवर्क में पंचायत स्तर से लेकर नगर पालिका डबरा तक के कर्मचारियों की मिलीभगत सामने आई थी।

नेटवर्क पासपोर्ट बनवाने के लिए बौद्ध मठों के पतों का इस्तेमाल करता था

फर्जीवाड़े का नेटवर्क पासपोर्ट बनवाने के लिए बौद्ध मठों के पतों का इस्तेमाल करता था। पुलिस इस मामले में मास्टरमाइंड रियाल चौधरी उर्फ नित्यानंद भिक्षु और उसके तीन बांग्लादेशी साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। स्थानीय स्तर पर मदद करने के आरोप में गुलाबराय गौतम, गयाप्रसाद गौतम और भोपाल पासपोर्ट सेवा केंद्र के एजेंट नसीम अख्तर को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

66 आरोपी फरार, विदेश भागने की आशंका

जांच एजेंसियों के मुताबिक, मामले में 66 आरोपी मुख्य नेटवर्क से जुड़े हैं, जबकि 34 अन्य की भूमिका भारतीय दस्तावेज तैयार करवाने में सामने आई है। इनमें से कई आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। आशंका है कि कुछ आरोपी देश छोड़कर इंडोनेशिया, मलेशिया, म्यांमार और चीन जैसे देशों में छिपे हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें: कलरी देवी की हत्या के विरोध में चक्काजाम, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतरे परिजन

बाकी पासपोर्ट भी जल्द होंगे निरस्त

STF अधिकारियों का कहना है कि शेष संदिग्ध पासपोर्ट भी जल्द निरस्त कराए जाएंगे। निरस्त पासपोर्ट का इस्तेमाल करने की कोशिश होने पर इमिग्रेशन सिस्टम के जरिए संबंधित व्यक्ति को ट्रैक किया जा सकेगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन