इंदौर: दीपावली, जिसे खुशियों और रोशनी का त्योहार माना जाता है, इस बार राऊ के एक परिवार के लिए सबसे काला दिन बन गई। त्योहार के दिन ही एक घर में पति-पत्नी की मौत हो गई। इस घटना के बाद दो मासूम बच्चे अनाथ हो गए और पूरा मोहल्ला सदमे में है। पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
घर में सिर्फ पति-पत्नी थे मौजूद
पुलिस के अनुसार, राऊ थाना क्षेत्र में पवन सोनी अपनी पत्नी वर्षा और दो बच्चों के साथ रहता था। बड़ा बेटा 15 साल का और छोटा बेटा 7 साल का है। घटना से पहले पवन ने दोनों बच्चों को पास के गार्डन में खेलने के लिए भेज दिया था। उस वक्त घर में सिर्फ पति-पत्नी ही थे।
रेहान नाम के युवक को लेकर था विवाद
जांच में सामने आया है कि पवन को पत्नी वर्षा और रेहान नाम के युवक के बीच बातचीत को लेकर शक था। रेहान कुछ समय पहले पवन के घर पर काम के सिलसिले में आया था। तभी से दोनों के बीच बातचीत होने की बात कही जा रही है।
पवन ने इस मुद्दे को लेकर पत्नी को कई बार समझाने की कोशिश की थी। उसने अपने दोस्तों से भी अपनी परेशानी साझा की थी। पुलिस को जानकारी मिली है कि पवन के पास पत्नी और रेहान के बीच बातचीत से जुड़ी कुछ रिकॉर्डिंग भी थी।
विवाद बढ़ा और हो गई बड़ी वारदात
दीपावली के दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि पवन ने पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पवन ने भी अपनी जान दे दी।
रीवा का रहने वाला था पवन
पवन मूल रूप से रीवा का रहने वाला था। वह कई सालों से इंदौर में रहकर परांठे की दुकान चलाता था। आसपास के लोगों के अनुसार, परिवार सामान्य तरीके से रह रहा था, इसलिए इस घटना से सभी हैरान हैं।
यह भी पढ़ें: मासूम बच्चे को खा गया तेंदुआ, खोपड़ी और दो अधखाए पैर मिले, पटाखा जलाते समय दबोच ले गया
पुलिस का बयान, जांच जारी है
एसीपी निधि सक्सेना ने बताया कि पति ने पत्नी की हत्या के बाद खुद भी जान दे दी है। इस मामले में रेहान नाम के युवक का नाम सामने आ रहा है। पुलिस ने पवन का मोबाइल जब्त कर लिया है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस कॉल रिकॉर्ड और अन्य सबूतों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

