उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को उज्जैन में गोवर्धन पूजा की। वे जूना सोमवारिया स्थित ऐतिहासिक तिलकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर परिसर की गौशाला में करीब एक घंटे तक पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गायों को चारा और गुड़ खिलाया और अन्नकूट का भोग लगाया।
सीएम डॉ यादव ने विधि विधान से की पूजा
गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तिलकेश्वर महादेव मंदिर की गौशाला में विधि-विधान से पूजन किया। उन्होंने गायों को चारा और गुड़ खिलाकर गोसेवा की। इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर के गर्भगृह पहुंचे, जहां करीब 10 मिनट तक भगवान तिलकेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना और अभिषेक किया।
जनप्रतिनिधि और साधु संत रहे मौजूद
पूजन के दौरान विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, राज्यसभा सांसद बाल योगी उमेशनाथ सहित कई साधु-संत और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा का दिन गौमाता के विशेष पूजन का दिन है। उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली और गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं भी दीं।
तिलकेश्वर महादेव मंदिर का आध्यात्मिक महत्व है
मुख्यमंत्री ने तिलकेश्वर महादेव मंदिर के आध्यात्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मंदिर सैकड़ों साल पुराना है। उन्होंने भगवान तिलकेश्वर महादेव से प्रदेशवासियों पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
ये भी पढे़ं: शशि थरूर बोले- दिल्ली का वायु प्रदूषण राष्ट्रीय शर्म का विषय, सरकार पर उठाए सवाल
शाम को फिर उज्जैन आएंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री सोमवार शाम करीब 5 बजे फिर उज्जैन पहुंचेंगे। मंगलवार को भी वे शहर में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान पशुपालन विकास योजना के अंतर्गत गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना से जुड़े कार्यक्रम में भी उनकी सहभागिता प्रस्तावित है।

