भोपाल: मध्यप्रदेश में सोनिया गांधी की किताब और अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन को लेकर सियासत गरमा गई है। कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दोनों नेताओं पर निशाना साधते हुए कांग्रेस के इतिहास और समाजवादी पार्टी की राम मंदिर को लेकर रही भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने अखिलेश यादव के मंदिर जाने की चर्चा को चुनावी राजनीति करार दिया और कहा कि चुनाव आते ही उन्हें भगवान राम याद आने लगे हैं। सारंग ने अखिलेश से कारसेवकों पर गोलीबारी के मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी की।
सोनिया गांधी की किताब पर उठाए सवाल
मंत्री सारंग ने सोनिया गांधी की किताब को लेकर कहा कि इसमें नेहरू परिवार के राजनीतिक इतिहास और उसके कार्यकाल से जुड़े तथ्यों को एक खास नजरिये से पेश किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किताब के जरिए परिवार की राजनीतिक छवि सुधारने की कोशिश की जा रही है। सारंग ने कहा कि इतिहास से जुड़े विवादित पहलुओं पर भी खुलकर चर्चा होनी चाहिए।
उन्होंने सोनिया गांधी के विदेशी मूल का जिक्र करते हुए उनके राजनीतिक सफर पर भी टिप्पणी की। सारंग का कहना था कि देश के इतिहास और राजनीति पर बात करने के साथ नेहरू परिवार के कार्यकाल से जुड़े सवालों का जवाब भी दिया जाना चाहिए।
कारसेवकों पर गोलीबारी का मुद्दा उठाया
सारंग ने बाबरी मस्जिद विध्वंस और उस दौर की घटनाओं का उल्लेख करते हुए सोनिया गांधी के रुख पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद विध्वंस की घटना पर दुख जताया गया, लेकिन कारसेवकों पर गोलीबारी और 1984 के सिख नरसंहार जैसी घटनाओं पर भी समान गंभीरता से बात होनी चाहिए थी।
उन्होंने राजीव गांधी और संजय गांधी से जुड़े राजनीतिक प्रसंगों को लेकर भी अपनी आपत्ति जताई। सारंग ने कहा कि इतिहास के सभी पहलुओं को सामने रखा जाना चाहिए।
नेशनल हेराल्ड और भ्रष्टाचार पर भी घेरा
मंत्री ने नेशनल हेराल्ड मामले और हरियाणा में किसानों की जमीन से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की पिछली सरकारों पर सवाल उठाए। उन्होंने देश की खुफिया जानकारियां बाहर भेजे जाने से जुड़ा आरोप भी लगाया। हालांकि, इस संबंध में उन्होंने कोई विस्तृत जानकारी या साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए।
ये भी पढ़ें: एमपी: IAS आर. राजेंद्रन ने पटाखों से होने वाले प्रदूषण पर जताई चिंता
अखिलेश यादव से सार्वजनिक माफी की मांग
अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन को लेकर सारंग ने कहा कि हर व्यक्ति को भगवान राम के दर्शन करने चाहिए। हालांकि, उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को मंदिर जाने से पहले कारसेवकों पर गोलीबारी की घटना के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने इस घटना के लिए तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए।
सारंग ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के विरोध के कारण राम मंदिर निर्माण का रास्ता लंबे समय तक बाधित रहा। उन्होंने अखिलेश यादव के मंदिर जाने की चर्चा को चुनावी राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही उन्हें भगवान राम याद आने लगे हैं। इस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि हाथी के दांत दिखाने के कुछ और और खाने के कुछ और होते हैं।

