भोपाल: मध्यप्रदेश के श्रम विभाग के सचिव आईएएस आर. राजेंद्रन ने दिवाली पर पटाखों के इस्तेमाल से होने वाले वायु प्रदूषण और उसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर को लेकर चिंता जताई है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि पटाखों से निकलने वाला धुआं लोगों की सेहत को नुकसान पहुंचाता है। दिवाली पर हम रोशनी बांटने के बजाय ब्रोंकाइटिस बांट रहे हैं।
राजेंद्रन ने कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश और अज्ञान पर ज्ञान की जीत का प्रतीक है, लेकिन समय के साथ त्योहार मनाने का तरीका बदल रहा है। अब बाजार, बिक्री, आकर्षक ऑफर और खरीदारी उत्सव की खुशियों का पैमाना बनते जा रहे हैं। त्योहार पर लोगों को स्वच्छ हवा देने के बजाय अधिक चीनी और वसा वाली मिठाइयां, पैकेटबंद नमकीन और ऐसे उपहार दिए जाते हैं, जिनकी कई बार जरूरत भी नहीं होती। इसके बाद पटाखों से शोर और वायु प्रदूषण बढ़ता है।
पटाखों के धुएं में हानिकारक तत्व
आईएएस अधिकारी ने बताया कि पटाखों से निकलने वाले धुएं में बारीक धूल के कण (पार्टिकुलेट मैटर), सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और रंग पैदा करने वाले धातु के यौगिक शामिल होते हैं। दिवाली के बाद कई शहरों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब या गंभीर श्रेणी में पहुंच जाती है। हवा की रफ्तार कम होने पर प्रदूषण और धुंध कई दिनों तक वातावरण में बनी रह सकती है।
बच्चों और बुजुर्गों पर ज्यादा असर
राजेंद्रन के अनुसार, प्रदूषण के बारीक कण फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं। इससे अस्थमा के दौरे और ब्रोंकाइटिस की समस्या बढ़ने का खतरा रहता है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों पर इसका असर अधिक हो सकता है।
उन्होंने कहा कि पटाखे नहीं जलाने वाले परिवारों को भी उसी प्रदूषित हवा में सांस लेनी पड़ती है। इसलिए वायु प्रदूषण का असर केवल पटाखे जलाने वालों तक सीमित नहीं रहता।
ये भी पढ़ें: निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के अकाउंट पर पाकिस्तानी का वीडियो, जांच एजेंसियां सतर्क
त्योहार मनाने के तरीके में बदलाव की अपील
राजेंद्रन ने कहा कि त्योहारों की खुशियों को बनाए रखते हुए भी प्रदूषण कम किया जा सकता है। इसके लिए मोहल्लों में लोगों को इस मुद्दे पर चर्चा करनी होगी और खुद पहल करनी होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगली दिवाली लोगों को धुएं और स्मॉग के बजाय दीयों की रोशनी के लिए याद रहेगी।

