नई दिल्ली: काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान कर दिया है। जारी कार्यक्रम के मुताबिक, आईएससी (कक्षा 12) की परीक्षाएं 9 फरवरी 2027 से शुरू होंगी, जबकि आईसीएसई (कक्षा 10) का पहला पेपर 15 फरवरी 2027 को होगा। दोनों परीक्षाओं में देश-विदेश के कुल 3,79,980 विद्यार्थी शामिल होंगे।
10वीं की परीक्षा 31 मार्च तक चलेगी
सीआईएससीई के कार्यक्रम के अनुसार, आईसीएसई कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होकर 31 मार्च 2027 तक चलेगी। परीक्षा भारत और विदेशों में बनाए गए कुल 2,835 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में 3,106 संबद्ध स्कूलों के करीब 2.70 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। कक्षा 10 के लिए कुल 76 विषयों और प्रश्नपत्रों की परीक्षा निर्धारित की गई है।
12वीं में 1.10 लाख से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल
आईएससी (कक्षा 12) की बोर्ड परीक्षाएं 9 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। इसमें 1,651 संबद्ध स्कूलों के 1.10 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। कक्षा 12 के लिए कुल 60 विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
ये भी पढ़ें: जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा – 2027 के प्रवेश पत्र ऑनलाइन जारी
दोनों परीक्षाओं में करीब 3.80 लाख परीक्षार्थी
सीआईएससीई की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में कुल 3,79,980 उम्मीदवार शामिल होंगे। इनमें सबसे अधिक परीक्षार्थी आईसीएसई कक्षा 10 के हैं। बोर्ड ने दोनों कक्षाओं के लिए अलग-अलग विषयों के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी कक्षा और विषय के अनुसार परीक्षा की तारीखों का मिलान कर तैयारी की योजना बनाएं।




