Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsराजनेता का अदालत में दावा- पत्नी नौ शादियां कर चुकी, वह खुद...

राजनेता का अदालत में दावा- पत्नी नौ शादियां कर चुकी, वह खुद सातवें पति

बंगलूरू: कर्नाटक हाईकोर्ट में वैवाहिक विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। विजयनगर जिले के होसापेटे के राजनेता राजा हुसैन ने अदालत में दावा किया कि उनकी पत्नी तबस्सुम अब तक नौ शादियां कर चुकी हैं और वह खुद उनके सातवें पति हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी पहले शादी करती है, फिर पति से विवाद कर उसके खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज करा देती है। हालांकि, महिला ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि उसने अब तक केवल चार शादियां की हैं।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जस्टिस एम. नागप्रसन्ना की पीठ ने राजा हुसैन के खिलाफ चल रही क्रूरता से जुड़ी आपराधिक कार्यवाही रद्द कर दी। अदालत ने कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोप सामान्य और अस्पष्ट हैं। इनमें ऐसे ठोस तथ्य नहीं हैं, जिनके आधार पर आपराधिक मुकदमा चलाया जा सके। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति की पिछली शादियों की संख्या उसके चरित्र का प्रमाण नहीं हो सकती।

यह भी पढ़ें: एअर इंडिया की कोलकाता-मुंबई फ्लाइट को हाईजैक की धमकी, टॉयलेट में मिला धमकी भरा नोट

शादी के बाद शुरू हुआ विवाद

राजा हुसैन और तबस्सुम की शादी 13 जनवरी 2022 को हुई थी। कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पत्नी ने पति और उसके परिवार के सदस्यों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए थे। पुलिस ने जांच के बाद पति के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।

इसके बाद राजनेता ने अदालत में पत्नी की पिछली शादियों का हवाला देते हुए अपना पक्ष रखा। उन्होंने दावा किया कि महिला ने नौ शादियां की हैं, जबकि पत्नी ने इस संख्या को गलत बताते हुए चार शादियां करने की बात कही।

अस्पष्ट आरोपों पर नहीं चल सकता मुकदमा

मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि पिछली शादियों की संख्या किसी के चरित्र का आधार नहीं हो सकती। आपराधिक मुकदमा चलाने के लिए शिकायत में अपराध से जुड़े स्पष्ट आरोप और ठोस तथ्य होना जरूरी है। इन्हीं आधारों पर अदालत ने राजनेता के खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही रद्द कर दी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन