Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsउज्जैन में 21 नवंबर से सजेगा कालिदास समारोह, पहली बार राज्यों के...

उज्जैन में 21 नवंबर से सजेगा कालिदास समारोह, पहली बार राज्यों के नृत्य दलों में होगी प्रतियोगिता

उज्जैन: महाकवि कालिदास की नगरी उज्जैन में 21 से 27 नवंबर तक सात दिवसीय अखिल भारतीय कालिदास समारोह आयोजित किया जाएगा। इस बार समारोह में साहित्य, शोध और शास्त्रीय संगीत के साथ देश की सांस्कृतिक विविधता भी देखने को मिलेगी। पहली बार विभिन्न राज्यों के नृत्य दलों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके विजेता दलों को कुल 9 लाख रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। समारोह के आयोजन के लिए 4 करोड़ 35 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

चार सत्रों में होगा राष्ट्रीय शोध विमर्श

मध्यप्रदेश शासन के तत्वावधान में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय और कालिदास संस्कृत अकादमी की ओर से आयोजित समारोह में राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी के चार सत्र होंगे। इनमें 12 से अधिक राज्यों के प्राध्यापक और शोधकर्ता कालिदास के साहित्य, दर्शन, कला और सौंदर्यबोध से जुड़े विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे।

इस बार कालिदास के साहित्य का अध्ययन साहित्यिक दृष्टिकोण के अलावा समाजविज्ञान, मनोविज्ञान, अर्थशास्त्र, वास्तुकला, पुरातत्व, पर्यावरण और इतिहास के नजरिए से भी किया जाएगा। उनकी रचनाओं के प्रामाणिक पाठ और ऐतिहासिकता पर भी चर्चा होगी।

शोध संगोष्ठी के पहले तीन सत्र 22, 23 और 24 नवंबर को दोपहर 2 बजे से होंगे, जबकि चौथा सत्र 25 नवंबर को सुबह 10 बजे शुरू होगा। विक्रम कालिदास पुरस्कार के लिए चयनित शोधपत्रों का विशेष सत्र भी आयोजित किया जाएगा।

विद्यार्थियों के बीच होंगी वाद-विवाद और काव्यपाठ प्रतियोगिताएं

समारोह में संस्कृत और हिंदी में वाद-विवाद के साथ काव्यपाठ प्रतियोगिताएं भी होंगी। 25 नवंबर को अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयीन संस्कृत वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसका विषय ‘कालिदास के काव्य में भारतीय ज्ञान परंपरा का संरक्षण’ रखा गया है।

26 नवंबर को सुबह 10 बजे राज्य स्तरीय कालिदास काव्यपाठ प्रतियोगिता होगी, जिसमें प्रतिभागी मेघदूतम् के श्लोकों का पाठ करेंगे। इसी दिन दोपहर 2 बजे हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसका विषय ‘केवल महाकवि कालिदास ने ही अपने काव्यों में भारतीय ज्ञान परंपरा को संरक्षित किया है’ होगा।

अजय चक्रवर्ती और साधु तिवारी को बुलाने की तैयारी

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इस बार शास्त्रीय संगीत की विशेष प्रस्तुतियां होंगी। आयोजक प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पद्मश्री अजय चक्रवर्ती को आमंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं। उनके कार्यक्रम में ‘जब जिद पे आ गई पार्वती’ की प्रस्तुति भी सुनने को मिल सकती है। इसके अलावा फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लोकप्रिय गीत से पहचान बनाने वाले साधु तिवारी से भी संपर्क किया गया है। उनकी प्रस्तुति सात दिनों में किसी एक दिन हो सकती है।

उद्घाटन के लिए उपराष्ट्रपति या ओम बिरला को न्योता

समारोह के उद्घाटन के लिए उपराष्ट्रपति या लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को आमंत्रित करने की तैयारी है। हालांकि, अभी तक किसी की स्वीकृति मिलने की जानकारी नहीं है। सहमति मिलने के बाद मुख्य अतिथि के नाम की घोषणा की जाएगी।

नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को मिलेंगे नौ लाख

समारोह की नई पहल के तहत पहली बार अलग-अलग राज्यों के नृत्य दलों के बीच प्रतियोगिता होगी। संस्कृति विभाग ने इसके आयोजन को मंजूरी दे दी है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल को 5 लाख, दूसरे स्थान पर रहने वाले दल को 3 लाख और तीसरे स्थान पर आने वाले दल को 1 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इससे देश के विभिन्न राज्यों की नृत्य शैलियों को एक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें: ग्वालियर हाईकोर्ट को धमकी देने का संदिग्ध यूपी से पकड़ा गया, लैपटॉप में मिले कई ई-मेल

पांच गुना से ज्यादा हुआ समारोह का बजट

कालिदास समारोह के आयोजन बजट में पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2017 में इसके लिए 80 लाख रुपये निर्धारित किए गए थे, जबकि 2026 में यह राशि बढ़कर 4 करोड़ 35 लाख रुपये हो गई है। पिछले वर्ष समारोह का बजट 3 करोड़ रुपये था। इसमें से 2 करोड़ 28 लाख 56 हजार 567 रुपये खर्च किए गए थे।

इस बार सात दिनों तक उज्जैन में कालिदास के साहित्य और भारतीय ज्ञान परंपरा के साथ शास्त्रीय संगीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का संगम देखने को मिलेगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन