Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsरुद्राक्ष धाम में 4 ट्रॉली गोबर से बना भव्य गोवर्धन, पूर्व गृहमंत्री...

रुद्राक्ष धाम में 4 ट्रॉली गोबर से बना भव्य गोवर्धन, पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने किया पूजन

सागर: जिले में रुद्राक्ष धाम मंदिर परिसर में गोवर्धन पूजन और भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के आयोजक विधायक भूपेन्द्र सिंह रहे। इस दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। दीपावली के उल्लास, भक्ति और पारंपरिक आस्था से सराबोर वातावरण में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के सम्मुख भगवान गोवर्धन का सामूहिक पूजन कर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

गोबर से भगवान गोवर्धन का विराट स्वरूप निर्मित किया गया

रुद्राक्ष धाम मंदिर परिसर में गौमाता के गोबर से भगवान गोवर्धन का विराट स्वरूप निर्मित किया गया। इसके लिए निजी गौशाला से चार ट्रॉली गाय का गोबर लाया गया था। गोवर्धन स्वरूप को आकर्षक ढंग से सजाया गया और उसके शीर्ष पर गोवर्धन पर्वत धारण किए भगवान श्री बांके बिहारी का प्रतिमा स्वरूप स्थापित किया गया।

गौमाता के गोबर से निर्मित इस स्वरूप के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने गोवर्धन पूजा की

कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने परिवार के साथ मंगलवार रात विधि-विधान से भगवान गोवर्धन का पूजन किया। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान गोवर्धन पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर अपनी श्रद्धा अर्पित की। पूजन के बाद सभी श्रद्धालुओं को भोग-प्रसादी वितरित की गई।

पूजन समारोह के समापन के बाद आकाश में रंग-बिरंगी आतिशबाजी की गई, जिसने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, पारिवारिक आत्मीयता और लोक संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला। दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर सहित परिसर में एक हजार से अधिक दीप प्रज्जवलित किए गए। उधर भगवान गोवर्धन के भगवान गोवर्धन की पूजा से पहले गोपालगंज की मंडली ने बुंदेली भजनों के साथ नृत्यों की प्रस्तुति की।

ये भी पढ़ें: बेगमगंज की बेटी ने बढ़ाया मान, सलोनी कटारे को मिली डॉक्टरेट की उपाधि

पर्यावरण संरक्षण, गौवंश और सामुहिक एकता का संदेश 

पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि गोवर्धन पूजन का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भगवान श्रीकृष्ण की उस लीला से जुड़ा है, जब उन्होंने ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए अपनी छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत धारण किया था। यह प्रसंग प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण के संरक्षण के साथ सामूहिक एकता, सहयोग और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है।

गोवर्धन पूजा में गाय के गोबर से भगवान का स्वरूप बनाना हमारी कृषि और ग्रामीण संस्कृति में गौमाता के महत्व को भी दर्शाता है। यह पर्व हमें स्मरण कराता है कि प्रकृति और उसके संसाधनों के प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना भारतीय जीवन परंपरा का अभिन्न हिस्सा रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन