नई दिल्ली: मदर डेयरी के बाद अब अमूल ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने बुधवार को इसकी घोषणा करते हुए विभिन्न श्रेणियों के दूध के दाम दो से चार रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाने की जानकारी दी। नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी। त्योहारी सीजन के बाद दूध की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर असर पड़ेगा।
लागत बढ़ने से लिया फैसला
गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) के मुताबिक, पशु आहार, चारा, पैकेजिंग सामग्री और ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया है। फेडरेशन का कहना है कि बढ़ती लागत के बीच किसानों को दूध का बेहतर भुगतान सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
फ्लश सीजन में भी बढ़े दाम
आमतौर पर सर्दियों में डेयरी सेक्टर में फ्लश सीजन रहता है। इस दौरान दुधारू पशुओं से दूध का उत्पादन बढ़ता है और बाजार में आपूर्ति बेहतर होती है। इसके बावजूद इस बार दूध की उपलब्धता को लेकर दबाव बना हुआ है। पशुओं की उत्पादकता में कमी और सप्लाई चेन की चुनौतियों ने डेयरी कंपनियों की मुश्किलें बढ़ाई हैं।
मिल्क फैट की कीमतों में 25 फीसदी तक उछाल
दूध की कीमतें बढ़ने की एक बड़ी वजह मिल्क फैट का महंगा होना भी है। पिछले कुछ महीनों में इसकी कीमतों में 20 से 25 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। ताजे दूध की उपलब्धता कम होने पर कंपनियां मिल्क पाउडर और फैट मिलाकर लिक्विड दूध तैयार करती हैं। ऐसे में मिल्क फैट महंगा होने से उत्पादन लागत बढ़ गई है।
इसके अलावा पशु आहार और चारे की कीमतों में बढ़ोतरी से डेयरी किसानों पर भी आर्थिक दबाव बढ़ा है।
यह भी पढ़ें: 65 गांवों में घर-घर जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी RBSK की 13 टीमें
किसानों को मिलेगा बेहतर भुगतान
दूध उत्पादन और संग्रह बढ़ाने के लिए कंपनियों ने किसानों से दूध खरीदने की दरों में भी इजाफा किया है। सूत्रों के मुताबिक, अमूल ने मिल्क फैट से जुड़ी खरीद दर बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी है। इसके चलते किसानों को अब दूध के लिए 60 रुपये प्रति लीटर से अधिक का भाव मिल रहा है।
अमूल और मदर डेयरी की ओर से 12 नवंबर से लागू की जा रही कीमतों का असर सीधे उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा। वहीं, बढ़ी हुई खरीद दरों से पशुपालक किसानों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

