Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending news65 गांवों में घर-घर जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी RBSK की...

65 गांवों में घर-घर जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी RBSK की 13 टीमें

12 से 17 नवंबर तक चलेगा सघन स्वास्थ्य जांच अभियान, प्रत्येक गांव का तैयार होगा चाइल्ड हेल्थ रिकॉर्ड

बालाघाट: जिले के बैहर, बिरसा एवं परसवाड़ा विकासखंड के बीमारी से प्रभावित 65 गांवों में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और समय पर बीमारी की पहचान के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत सघन स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 13 विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें 12 से 17 नवंबर तक गांव-गांव पहुंचकर घर-घर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी।

अभियान के दौरान प्रत्येक गांव का अलग चाइल्ड हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिसमें बच्चों में पाई जाने वाली बीमारियों और उन्हें उपलब्ध कराए गए उपचार का विस्तृत विवरण दर्ज किया जाएगा।

कलेक्टर के निर्देश पर 13 सेक्टरों में बंटी टीमें

कलेक्टर आदित्य सिंह के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने 11 नवंबर को RBSK की जिला स्तरीय टीम के साथ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, उमंग परामर्शदाताओं तथा स्वास्थ्य विभाग के समस्त काउंसलरों को शामिल करते हुए संयुक्त टीमों का गठन किया है।

प्रत्येक टीम में 6 से 7 चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को शामिल किया गया है। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए 13 सेक्टर बनाए गए हैं और प्रत्येक सेक्टर में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला स्तर पर जिला शीघ्र हस्तक्षेप प्रबंधक RBSK राजाराम चक्रवर्ती को जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है।

इन बीमारियों की होगी जांच

अभियान के दौरान बच्चों की सिकल सेल स्क्रीनिंग, खून की जांच, एचआईवी, बीपी, शुगर, हेपेटाइटिस, मलेरिया, विडाल टेस्ट, कुष्ठ एवं टीबी की जांच की जाएगी। इसके साथ ही 4D स्क्रीनिंग के माध्यम से जन्मजात विकृतियों, विकास में देरी, कमियों एवं बचपन की बीमारियों की पहचान की जाएगी। गंभीर बीमारियों में हृदय रोग, कैंसर, किडनी एवं लीवर संबंधी रोगों की भी जांच की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांवों में घर-घर पहुंचकर बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करेंगी। जांच में किसी भी प्रकार की बीमारी सामने आने पर संबंधित बच्चे को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के साथ जरूरत के अनुसार उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार के लिए रेफर किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: कैबिनेट के 5 बड़े फैसले: नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक दौड़ेगी नई मेट्रो, किसानों और छोटे कारोबारियों को भी राहत

18 नवंबर को होगी समीक्षा

यह सघन अभियान 12 नवंबर से प्रारंभ होकर 17 नवंबर तक चलेगा। इसके बाद 18 नवंबर को कलेक्टर आदित्य सिंह अभियान की समीक्षा करेंगे। इस पहल का उद्देश्य प्रभावित गांवों में बच्चों की बीमारियों की समय रहते पहचान कर उन्हें समुचित उपचार उपलब्ध कराना तथा प्रत्येक गांव की स्वास्थ्य संबंधी वास्तविक स्थिति का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करना है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन