Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsएमपी में नवंबर में टूटा ठंड का रिकॉर्ड, पारा 9.9 डिग्री पर

एमपी में नवंबर में टूटा ठंड का रिकॉर्ड, पारा 9.9 डिग्री पर

भोपाल। मध्यप्रदेश में नवंबर की शुरुआत के साथ ही सर्दी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। शहडोल जिले के कल्याणपुर में रात का पारा गिरकर 9.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो फिलहाल प्रदेश का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक और गिरावट का अनुमान जताया है। ऐसे में नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर और तेज होने के आसार हैं।

प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंड का असर फिलहाल शहडोल संभाग में दिखाई दे रहा है। कल्याणपुर के अलावा अनूपपुर के अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री और कटनी के करौंदी में 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दमोह में भी रात का तापमान 11.5 डिग्री पर पहुंच गया है।

दिलचस्प स्थिति इंदौर और पचमढ़ी के तापमान को लेकर रही। प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में रात इससे ज्यादा ठंडी रही और पारा 12.4 डिग्री पर पहुंच गया। छिंदवाड़ा में 12.6, रायसेन में 12.8, जबलपुर और मंडला में 13.2, नौगांव में 13.4 तथा रीवा में 13.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री रहा।

उत्तर भारत की बर्फबारी से बढ़ेगी ठिठुरन

प्रदेश में ठंड बढ़ने के पीछे उत्तर भारत की मौसमी गतिविधियां भी अहम हैं। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बर्फबारी शुरू हो चुकी है। 13 नवंबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर भारत में मौसमी गतिविधियों का दौर थमने के बाद ठंडी उत्तरी हवाएं मध्यप्रदेश की ओर बढ़ेंगी। इससे प्रदेश में रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे पखवाड़े में सर्दी का असर अधिक महसूस होने लगेगा।

शहडोल और भोपाल संभाग में सामान्य से नीचे पहुंचा पारा

प्रदेश के कई संभागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। शहडोल संभाग में रात का तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री कम दर्ज किया गया है। भोपाल संभाग में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री नीचे है। इसके विपरीत ग्वालियर-चंबल संभाग में फिलहाल रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।

ठंड के साथ वायु प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता

प्रदेश में एक ओर रातें सर्द हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर दिवाली के बाद वायु प्रदूषण ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भोपाल और उज्जैन में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 400 के पार पहुंच गया है। पिछले पांच वर्षों में यह तीसरा मौका है, जब दोनों शहरों में प्रदूषण इस स्तर तक पहुंचा है।

ग्वालियर, इंदौर, देवास, जबलपुर, मंडीदीप, सिंगरौली, पीथमपुर और कटनी सहित कई शहरों में भी वायु गुणवत्ता प्रभावित हुई है। रात आठ बजे के बाद शहरी इलाकों में धुंध दिखाई देने लगती है, जबकि सुबह के समय हल्का कोहरा छाने लगा है। इस तरह प्रदेश में सर्दी के साथ प्रदूषण की दोहरी चुनौती सामने आ रही है।

फिलहाल बारिश के आसार नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश में कहीं भी आंधी या बारिश का अलर्ट नहीं है। पिछले एक सप्ताह से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही थीं, लेकिन फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है। उत्तरी हवाओं का असर ग्वालियर-चंबल संभाग में अधिक दिखाई देने की संभावना है।

ऐतिहासिक आंकड़ों के अनुसार, नवंबर में ग्वालियर का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री और उज्जैन का 2.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में भी नवंबर के दौरान बारिश का रिकॉर्ड रहा है। महीने के तीसरे और चौथे सप्ताह में कोई मौसमी सिस्टम सक्रिय होने पर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बन सकती है।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन