Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबनेरा में मिला नवजात बच्चा, अंधेरे में रोने की आवाज सुनकर महिला...

बनेरा में मिला नवजात बच्चा, अंधेरे में रोने की आवाज सुनकर महिला ने बचाई जान

बालाघाट: जिस मां ने नौ माह तक अपनी कोख में रखकर उसे दुनिया में लाने का इंतजार किया, उसी मां ने जन्म के चंद घंटे बाद ही अपने जिगर के टुकड़े को लावारिस हालत में छोड़ दिया। जिंदगी की शुरुआत करने वाले नन्हे कदमों को सहारा देने के बजाय उसे मौत के मुंह में छोड़ दिया गया। मानवता को झकझोर देने वाली यह घटना कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम बनेरा में सामने आई है। यहां 11 नवंबर की शाम एक नवजात बालक ताराचंद लांजेवार की बाड़ी में तुअर (अरहर) के पेड़ के नीचे लावारिस हालत में मिला।

महिला को बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी

जानकारी के अनुसार, शाम के समय गांव की एक महिला को बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में आगे बढ़ते हुए जब वह मौके पर पहुंची तो वहां का दृश्य देखकर सहम गई। तुअर के पेड़ के नीचे एक नवजात बालक बिना कपड़ों के पड़ा हुआ था। उसके पैरों में घास से कटने के निशान दिखाई दे रहे थे और वह लगातार रो रहा था। बताया जा रहा है कि बालक को जन्म हुए महज कुछ घंटे ही हुए होंगे। मासूम को इस हालत में देखकर महिला का दिल पसीज गया। उसने बिना देर किए नवजात को अपनी गोद में उठाया और घर लेकर पहुंची। इसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी गई।

 नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया

सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने नवजात को अपने संरक्षण में लेकर कटंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि फिलहाल बालक स्वस्थ है।इधर, पुलिस नवजात को जन्म देने वाले माता-पिता की तलाश में जुट गई है। आखिर किन परिस्थितियों में मासूम को इस तरह अकेला छोड़ दिया गया, यह जांच का विषय है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

यह घटना कई सवाल छोड़ गई है। जिस बच्चे ने अभी दुनिया को ठीक से देखा भी नहीं, उसे खुले आसमान के नीचे कीड़े-मकोड़ों और दूसरे खतरों के बीच छोड़ दिया गया। न तन पर कपड़ा, न सिर पर छत और न ही किसी का सहारा। यदि समय रहते महिला को उसके रोने की आवाज सुनाई नहीं देती तो न जाने उस मासूम के साथ क्या अनहोनी हो जाती। गनीमत रही कि एक महिला की संवेदनशीलता ने उसे समय पर देख लिया और उसकी जान बच गई।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले लांजी क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां एक नवजात बालिका को सड़क किनारे तालाब के पास लावारिस छोड़ दिया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर रही हैं। सवाल सिर्फ इतना है कि जिन मासूमों को दुनिया में लाने के बाद उनकी देखभाल की जिम्मेदारी होती है, उन्हें इस तरह बेसहारा छोड़ने की नौबत आखिर क्यों आ रही है?

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन