बालाघाट: शहर के संवेदनशील इलाके में स्थित एसपी कार्यालय के बाजू में गुरुवार 12 नवंबर की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब झाड़ियों के बीच एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की। मृतक की पहचान दशरथ पिता लखन यादव (45 वर्ष), निवासी नरसिंह टोला, बैहर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दशरथ यादव की तबीयत खराब होने के कारण परिजनों ने सोमवार को उसे जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया था। अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था। इसी दौरान 11 नवंबर को वह बिना किसी को बताए अस्पताल से कहीं चला गया। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
मृतक की पहचान दशरथ यादव के रूप में की गई
इधर, 12 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे एसपी कार्यालय के बाजू में स्थित मैदान में कुछ युवक बैट-बॉल खेलने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर झाड़ियों में पड़े एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। नजारा देखकर युवक घबरा गए और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। बाद में मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान दशरथ यादव के रूप में की। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से भी स्वस्थ नहीं था और इसी दौरान जिला अस्पताल से लापता हो गया था।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए मृत्यु के कारणों का पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

