सीधी: मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा की टीम ने सीधी में छात्रावास अधीक्षक को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी अधीक्षक पर एक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के नियमितीकरण के बदले रिश्वत लेने का आरोप है। गुरुवार रात करीब 8 बजे EOW की टीम ने हाउसिंग बोर्ड स्थित उसके आवास पर कार्रवाई की। देर रात करीब 2 बजे तक टीम की कार्रवाई जारी रही।
नियमितीकरण के बदले मांगी जा रही थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, बहरी निवासी सुरेश प्रसाद द्विवेदी दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी हैं। उन्होंने नियमितीकरण के लिए कई बार आवेदन किया था। उनका नाम नियमितीकरण की सूची में भी शामिल हो गया था, लेकिन इसके बावजूद उनसे रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त केके पांडे सीधे पैसे नहीं ले रहे थे, बल्कि छात्रावास अधीक्षक रामदरस द्विवेदी के माध्यम से रिश्वत की राशि मांगी जा रही थी। कई बार निवेदन करने के बाद भी जब उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्होंने EOW रीवा में शिकायत दर्ज करा दी।
15 सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
शिकायत का सत्यापन करने के बाद EOW रीवा की करीब 15 सदस्यीय टीम ने एएसपी के नेतृत्व में ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार रात टीम ने छात्रावास पतुलखी में पदस्थ अधीक्षक रामदरस द्विवेदी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
आवास पर कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम आरोपी को लेकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया के लिए उच्च विश्राम गृह पहुंची। देर रात तक कार्रवाई जारी रही।
ये भी पढ़ें: माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में खराबी से ठप हुईं कई सेवाएं, आउटलुक-टीम्स और कोपायलट पर पड़ा असर
सहायक आयुक्त की भूमिका पर भी सवाल
मामले में जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त केके पांडे की कथित भूमिका भी जांच के दायरे में आने की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रिश्वत मांगने में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, सहायक आयुक्त की भूमिका और उनके खिलाफ संभावित कार्रवाई को लेकर EOW की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

