उज्जैन: जिले में 283 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे यूनिटी मॉल की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया ने निर्माण में भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से शिकायत की है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से शिकायत की
महाकालेश्वर मंदिर के पास हरिफाटक मार्ग पर उज्जैन विकास प्राधिकरण इस मॉल का निर्माण करा रहा है। सांसद फिरोजिया ने केंद्रीय मंत्री को लिखित शिकायत सौंपकर निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की है। इस पर केंद्रीय मंत्री ने उच्चस्तरीय जांच कराने का आश्वासन दिया है।
निरीक्षण में अनियमितताएं मिलने का दावा
सांसद अनिल फिरोजिया ने बताया कि उन्होंने पिछले दिनों दो से तीन बार निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और सरियों की गुणवत्ता संदिग्ध मिली। इसके अलावा सरियों का उपयोग भी तय इंजीनियरिंग नियमों और अनुपात के मुताबिक नहीं किया जा रहा है।
सांसद ने इस बात पर नाराजगी जताई कि इतने बड़े और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में निर्माण सामग्री की नियमित गुणवत्ता जांच (क्वालिटी चेक) नहीं की जा रही है। उनका आरोप है कि इस संबंध में विकास प्राधिकरण के स्थानीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं हुआ। स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने के बाद उन्हें यह मामला सीधे केंद्र सरकार के सामने उठाना पड़ा।
ये भी पढ़ें: असम में भीषण सड़क हादसा, मिनी बस और कंटेनर ट्रक की टक्कर में 23 लोगों की मौत
निर्माण में देरी, अब अप्रैल 2027 तक पूरा होने की उम्मीद
यूनिटी मॉल का निर्माण चार चरणों में किया जा रहा है। इसका काम अप्रैल 2024 में शुरू हुआ था और जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि, काम में लापरवाही और धीमी गति के चलते तय समय सीमा में निर्माण पूरा नहीं हो सका। अब तक मॉल का करीब 65 प्रतिशत काम ही पूरा हुआ है। निर्माण पहले से ही छह महीने की देरी से चल रहा है। अब इसके अप्रैल 2027 तक पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

