लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद छूटे पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए भाजपा एक महीने का अभियान चलाएगी। पार्टी ने प्रदेश के सभी 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर करीब 90 लाख मतदाताओं के नाम जुड़वाने का लक्ष्य रखा है। अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसकी निगरानी करेंगे।
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार को आयोजित कार्यशाला में यह रणनीति बनाई गई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत 700 से अधिक पदाधिकारी शामिल हुए। बूथ प्रभारियों को हर मतदान केंद्र पर 50 से 100 नए वोटर जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है।
युवाओं और महिलाओं पर रहेगा फोकस
भाजपा पंचायत मतदाता सूची, राशन कार्ड धारकों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची के जरिए ऐसे लोगों की पहचान करेगी, जिनके नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं। पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं और शादी के बाद दूसरे स्थान पर रहने लगी महिलाओं के नाम भी जुड़वाए जाएंगे।
कार्यशाला में पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूचियों के अंतर पर चर्चा हुई। भाजपा नेताओं का दावा है कि करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम पंचायत सूची में हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं।
ये भी पढे़ं: JEE एडवांस्ड 2027 की परीक्षा 23 मई को, टॉप 2.5 लाख अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
अखिलेश ने दूसरे राज्यों से वोटर लाने का लगाया आरोप
भाजपा के अभियान पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड समेत दूसरे राज्यों से लोगों को उत्तर प्रदेश लाकर मतदाता बनाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने मतदाता सूची से हटाए गए नामों और दूसरे स्थानों पर चले गए लोगों के वोटों को लेकर भी सवाल उठाए।
चुनाव आयोग की प्रस्तावित समय-सारिणी के मुताबिक, 17 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची जारी होगी। इसके बाद 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। भाजपा इसी अवधि में अपना अभियान चलाएगी।

