नई दिल्ली: 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। मामले की जांच से जुड़े रहे पूर्व CBI स्पेशल डायरेक्टर राकेश अस्थाना ने दावा किया है कि साबरमती एक्सप्रेस के कोच S-6 में आग दुर्घटनावश नहीं लगी थी, बल्कि यह सुनियोजित साजिश थी। उन्होंने तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव की ओर से गठित जस्टिस यूसी बनर्जी कमेटी की जांच और उसकी रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए हैं।
अस्थाना के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित विशेष जांच दल (SIT) और नानावती आयोग ने भी अपनी रिपोर्ट में आग को जानबूझकर लगाया जाना माना था। उन्होंने कहा कि दोनों जांचों में गुजरात पुलिस की पड़ताल को सही पाया गया था।
59 लोगों की हुई थी मौत
27 फरवरी 2002 को गोधरा रेलवे स्टेशन के पास साबरमती एक्सप्रेस के कोच S-6 में आग लग गई थी। इस घटना में 59 लोगों की मौत हुई थी। इनमें अयोध्या से लौट रहे कारसेवक भी शामिल थे। इसके बाद गुजरात में सांप्रदायिक हिंसा हुई थी। मामले की जांच करने वाली SIT का नेतृत्व राकेश अस्थाना ने किया था।
दरअसल, सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के पेज 401 से 403 में गोधरा अग्निकांड और उसके बाद हुए दंगों का जिक्र किया है। किताब के पेज 403 पर उन्होंने ट्रेन में आग लगने के कारण को अब भी विवादित बताया है। इसी संदर्भ में अस्थाना ने अपनी बात रखी है।
SIT और नानावती आयोग की जांच का हवाला
अस्थाना ने बताया कि गुजरात सरकार ने मार्च 2002 में गोधरा कांड की जांच के लिए आयोग बनाया था। बाद में जस्टिस नानावती को इसका अध्यक्ष नियुक्त किया गया। आयोग ने करीब 44 हजार हलफनामे लिए और एक हजार से अधिक गवाहों के बयान दर्ज किए। वर्ष 2008 में आई रिपोर्ट में आयोग ने कोच S-6 में आग लगाए जाने को सुनियोजित साजिश बताया था।
इसके अलावा, 2008 में सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व CBI निदेशक आरके राघवन के नेतृत्व में SIT गठित की थी। इस टीम ने गुजरात पुलिस की जांच और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की दोबारा पड़ताल की। अस्थाना का दावा है कि SIT को पुलिस की जांच में कोई खामी नहीं मिली और सुप्रीम कोर्ट ने उसकी रिपोर्ट स्वीकार की। इस मामले में 2011 में आरोपियों को सजा सुनाई गई थी।
बनर्जी कमेटी ने हादसा बताया था आग लगने का कारण
2004 में तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने जस्टिस यूसी बनर्जी की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई थी। इस कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में ट्रेन में लगी आग को दुर्घटना बताया था। रिपोर्ट के मुताबिक, कोच में रखे स्टोव के कारण आग लगी थी।
अस्थाना के अनुसार, इस रिपोर्ट को गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी। हाईकोर्ट ने कमेटी के गठन को गैरकानूनी मानते हुए उसकी रिपोर्ट रद्द कर दी थी। अदालत का तर्क था कि जब मामले की जांच के लिए पहले से आयोग गठित था, तो रेल मंत्रालय अलग से कमेटी नहीं बना सकता था।
ये भी पढ़ें: 15 नवंबर को इंदौर में दिलजीत दोसांझ का शो, 25 हजार टिकट बिके
अस्थाना ने लगाए फंसाने की कोशिश के आरोप
अस्थाना ने आरोप लगाया कि लालू प्रसाद यादव बनर्जी कमेटी के जरिए उन्हें गोधरा मामले में फंसाना चाहते थे। उन्होंने बताया कि उस समय दिल्ली के मीडिया में वरिष्ठ पद पर काम कर रहे उनके एक पुराने हॉस्टल साथी ने फोन कर उन्हें सावधान किया था। साथी ने आशंका जताई थी कि कमेटी के जरिए उन्हें मामले में फंसाया जा सकता है।
हालांकि, अस्थाना ने इस कथित कोशिश के पीछे लालू यादव के राजनीतिक या व्यक्तिगत मकसद पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

