इंदौर: पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ रविवार, 15 नवंबर को इंदौर में लाइव प्रस्तुति देंगे। इंदौर बायपास स्थित सी-21 एस्टेट ग्राउंड पर होने वाले इस कॉन्सर्ट को लेकर जबरदस्त उत्साह है। अब तक करीब 25 हजार टिकट बिक चुके हैं, जिनसे लगभग सात करोड़ रुपये की कमाई हुई है। पिछले साल की तुलना में इस बार अधिक टिकट बिके हैं।
एक टिकट की कीमत करीब चार हजार रुपये बताई गई है। आयोजकों ने टिकट बिक्री का पूरा हिसाब नगर निगम को सौंप दिया है। साथ ही मनोरंजन कर के रूप में 60 लाख रुपये भी जमा कराए हैं। दिलजीत लगातार दूसरे साल इंदौर में प्रस्तुति देने जा रहे हैं।
धमकियों के बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कॉन्सर्ट को लेकर पिछले कुछ दिनों से ई-मेल के जरिए धमकियां मिल रही थीं। इसे देखते हुए आयोजन स्थल और आसपास के इलाकों में बम निरोधक दस्ते की ओर से लगातार जांच की जा रही है। शो के दौरान 500 से अधिक पुलिस जवान तैनात रहेंगे। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के साथ आयोजन स्थल पर निगरानी भी रखेगी।
इंदौर में इससे पहले हनी सिंह और अरिजीत सिंह के बड़े संगीत कार्यक्रम हो चुके हैं। दिलजीत के शो के लिए इस बार टिकटों की ज्यादा बिक्री शहर में लाइव संगीत कार्यक्रमों की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है।
ये भी पढ़ें: एमपी में पाकिस्तानी क्रीम पर बैन, इंदौर से 300 पैकेट जब्त होने के बाद सरकार का एक्शन
पोहे का स्वाद लेने फिर पहुंच सकते हैं 56 दुकान
दिलजीत दोसांझ शनिवार शाम तक इंदौर पहुंच सकते हैं। उनके यहां के मशहूर पोहे का स्वाद लेने जाने की भी चर्चा है। पिछले साल वे सुबह करीब छह बजे 56 दुकान पहुंचे थे और पोहे खाए थे। दो दिन पहले उन्होंने धमकियों के बीच भी कहा था कि इंदौर आएंगे तो पोहे जरूर खाएंगे। ऐसे में उनके प्रशंसकों को इस बार भी 56 दुकान पर उनकी झलक मिलने की उम्मीद है।

