भोपाल: मध्यप्रदेश में मतदाताओं की संख्या में 8.19 लाख से अधिक का इजाफा हुआ है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 के तहत गुरुवार को जारी प्रारूप मतदाता सूची में प्रदेश के कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5 करोड़ 47 लाख 99 हजार 628 हो गई है। फरवरी 2026 में प्रकाशित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की अंतिम सूची के मुकाबले यह वृद्धि दर्ज की गई है। विधानसभा चुनाव से करीब दो साल पहले मतदाताओं की संख्या में हुई इस बढ़ोतरी को राजनीतिक लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, नई सूची में 4 लाख 38 हजार 361 महिला, 3 लाख 80 हजार 169 पुरुष और 33 थर्ड जेंडर मतदाता जुड़े हैं। इसके बाद प्रदेश में पुरुष मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 82 लाख 85 हजार 144 और महिला मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 65 लाख 13 हजार 547 हो गई है। वहीं थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 937 दर्ज की गई है।
फरवरी की सूची में थे 5.39 करोड़ वोटर
फरवरी 2026 में जारी एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची में प्रदेश में कुल 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 65 मतदाता थे। इनमें 2 करोड़ 79 लाख 4 हजार 975 पुरुष, 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 186 महिलाएं और 904 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे। नई प्रारूप सूची में कुल मतदाताओं की संख्या में 8 लाख 18 हजार 563 की बढ़ोतरी हुई है।
30 से 39 साल के मतदाता सबसे ज्यादा
आयु वर्ग के हिसाब से प्रदेश में 30 से 39 वर्ष के मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है। इस वर्ग में 1 करोड़ 40 लाख 50 हजार 865 मतदाता दर्ज हैं। दूसरे स्थान पर 20 से 29 वर्ष के मतदाता हैं, जिनकी संख्या 1 करोड़ 29 लाख 48 हजार 107 है।
11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियों का मौका
निर्वाचन आयोग ने प्रारूप मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 11 दिसंबर तक का समय दिया है। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा। प्राप्त आवेदनों और आपत्तियों के निराकरण के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

