नई दिल्ली/ढाका: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की भारत से वापसी को लेकर दो शर्तों की चर्चा सामने आई है। BBC बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत चाहता है कि बांग्लादेश की सेना खुद भारत आए और शेख हसीना को वापस लेकर जाए। भारत की दूसरी शर्त है कि बांग्लादेश सरकार शेख हसीना को निष्पक्ष सुनवाई का भरोसा दे। यानी अगर वह बांग्लादेश लौटती हैं, तो उन्हें अदालत में अपना पक्ष रखने का पूरा मौका मिलना चाहिए।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत इन दो शर्तों के साथ उनकी वापसी के मुद्दे पर आगे बढ़ना चाहता है। हालांकि, भारत सरकार की ओर से इन शर्तों को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है
हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत पिछले कुछ महीनों से उनकी वापसी को लेकर बांग्लादेश सरकार से बातचीत कर रहा है।
शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को सैन्य विमान से भारत पहुंची थीं। भारतीय अधिकारी के मुताबिक अगर उन्हें वापस ले जाना है, तो बांग्लादेशी सेना को ही ऐसा करना होगा।
इसके लिए बांग्लादेश सैन्य विमान दिल्ली भेज सकता है या अपनी सेना के जरिए उन्हें सीमा तक ला सकता है। भारत इस पूरी प्रक्रिया में जरूरी इंतजाम करने को तैयार है।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक इसके पीछे दो बातें समझ आती हैं
सुरक्षा: भारत चाहता है कि शेख हसीना को सुरक्षित तरीके से बांग्लादेश ले जाया जाए। उनकी वापसी के दौरान किसी तरह की अनहोनी न हो।
जिम्मेदारी: सामान्य सरकारी या पुलिस प्रक्रिया के बजाय सेना खुद उन्हें लेने आएगी, इसलिए उनकी सुरक्षित वापसी की जिम्मेदारी भी सेना की होगी।
ये भी पढ़ें: अब असली दूध-पनीर पहचानना होगा आसान: पैकेट पर दिखेगा नया लोगो
भारत ने रिपोर्ट पर कुछ भी कहने से इनकार किया
13 नवंबर को भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से हसीना की वापसी को लेकर सवाल पूछा गया। उनसे पूछा गया कि क्या भारत ने बांग्लादेश से सैन्य विमान भेजने और हसीना को निष्पक्ष सुनवाई का मौका देने की गारंटी मांगी है।
इस पर जायसवाल ने कहा, ‘मेरे पास इस बारे में कहने के लिए कुछ नहीं है।’
वहीं, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के सहायक प्रेस सचिव केएम नजमुल हक ने फेसबुक पोस्ट में दावा किया कि कोई भी देश हसीना को शरण देने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने ब्रिटेन, UAE, सऊदी अरब, फिनलैंड और अमेरिका समेत कई देशों का नाम लिया।

