Friday, November 20, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsदीपनाखेड़ा में उद्यम संवाद आयोजित, युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए...

दीपनाखेड़ा में उद्यम संवाद आयोजित, युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

विदिशा: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आज विकासखंड सिरोंज के ग्राम दीपनाखेड़ा स्थित पंचायत भवन में उद्यम संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी एवं वन मंडलाधिकारी हेमन्त यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उद्यम संवाद का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं एवं स्वसहायता समूहों से जुड़ी उद्यमियों को शासन की स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, उन्हें स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उद्यम संचालन में आ रही समस्याओं का समाधान करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, आचार्य विद्यासागर योजना, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग की योजनाओं तथा स्वसहायता समूहों के माध्यम से संचालित उद्यमों से जुड़े हितग्राहियों एवं उद्यमियों के साथ संवाद किया गया। इस दौरान सफल उद्यमियों ने अपने व्यवसाय स्थापित करने से लेकर उसके संचालन और विस्तार तक के अनुभव साझा किए।

स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित

कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं एवं महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेकर युवा एवं महिलाएं स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने सफल उद्यमियों द्वारा साझा किए गए अनुभवों से प्रेरणा लेने तथा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपने उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराध एवं सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने उपस्थितजनों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी एवं डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने की समझाइश दी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों का पालन करने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।

ये भी पढ़ें: दीपनाखेड़ा में उद्यम संवाद आयोजित, युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

उद्यम संवाद में उपस्थित युवाओं, महिलाओं एवं उद्यमियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इनमें मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, भगवान बिरसा मुंडा योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पशुपालन विभाग की स्वरोजगार योजनाएं तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना प्रमुख रूप से शामिल रहीं। अधिकारियों द्वारा योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध वित्तीय सहायता, स्वरोजगार के अवसर एवं पात्रता संबंधी जानकारी दी गई।

साथ ही इच्छुक हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने तथा अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत की गई समस्याओं एवं कठिनाइयों को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से उनका मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित यह उद्यम संवाद ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार, उद्यमिता एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन