Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsमंत्री उदय प्रताप सिंह के OSD पर गिरी गाज, बंगले में एंट्री...

मंत्री उदय प्रताप सिंह के OSD पर गिरी गाज, बंगले में एंट्री बंद: मंत्री के नाम पर लेन-देन की शिकायत पहुंची थी

भोपाल: मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने अपने पूर्व OSD वीरेंद्र तिवारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके मंत्री बंगले पर आने पर रोक लगा दी है। दीपावली के बाद से तिवारी मंत्री के बंगले नहीं पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि मंत्री के नाम पर लेन-देन किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया। इसके अलावा तिवारी की तीन पत्नियां होने के आरोपों से जुड़ी शिकायत भी मंत्री तक पहुंची थी।

मोहन सरकार में किसी मंत्री के OSD पर कार्रवाई का यह दूसरा मामला है। इससे पहले डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के OSD और आबकारी अधिकारी दीपम रायचूरा को एक करोड़ रुपये के लेन-देन के आरोपों के बाद पद से हटाया गया था।

2024 में मंत्री स्टाफ में हुए थे अटैच

वीरेंद्र तिवारी मूल रूप से नगरीय विकास एवं आवास विभाग में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर कार्यरत रहे हैं। वर्ष 2008 तक वे विभाग में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी थे। इसके बाद उन्हें नियमित किया गया। इससे पहले भी वे मंत्री स्टाफ में पदस्थ रह चुके हैं।

उदय प्रताप सिंह के मंत्री स्टाफ में नियुक्ति के लिए वर्ष 2024 में तिवारी को राज्य औद्योगिक विकास बोर्ड में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया था। उन्होंने 15 मार्च 2024 को बोर्ड में अनुभाग अधिकारी के रूप में पदभार संभाला। इसी दिन उन्हें मंत्री का OSD बनाकर मंत्री स्टाफ से अटैच कर दिया गया।

करीब दो महीने पहले पदोन्नति के बाद उनकी सेवाएं मूल विभाग में वापस कर दी गई थीं। हालांकि, इसके बावजूद वे पहले की तरह मंत्री के कामकाज से जुड़े हुए थे। अब मंत्री बंगले पर उनकी आवाजाही बंद हो गई है।

मंत्री उदय प्रताप सिंह से इस संबंध में बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। वीरेंद्र तिवारी का मोबाइल भी बंद मिला। मंत्री स्टाफ के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि वे दीपावली के बाद से बंगले नहीं आ रहे हैं। उनके अवकाश पर होने की बात कही जा रही है।

तीन पत्नियां होने का आरोप, महिला ने मंत्री से की थी शिकायत

वीरेंद्र तिवारी को लेकर एक अन्य विवाद भी सामने आया है। बताया जाता है कि पिछले दिनों खुद को तिवारी की पत्नी बताने वाली एक महिला भोपाल स्थित मंत्री के शासकीय आवास पहुंची थी। उसने मंत्री उदय प्रताप सिंह को अपनी शिकायत सुनाई थी।

महिला का आरोप था कि तिवारी के उसके अलावा दो अन्य महिलाओं से भी संबंध हैं। इनमें एक भोपाल और दूसरी ग्वालियर में रहती है। महिला ने दावा किया कि दोनों के बच्चे भी हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि तिवारी अपने रसूख और प्रभाव का इस्तेमाल कर उसे चुप कराते रहे और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे।

बताया जाता है कि शिकायत मिलने के बाद मंत्री ने व्यक्तिगत स्तर पर महिला के आरोपों की जानकारी जुटाई थी।

पहले भी विवादों में घिर चुका है मंत्रियों का स्टाफ

मंत्रियों के स्टाफ से जुड़ा यह पहला विवाद नहीं है। इससे पहले कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के OSD अशोक कुमार बाथम, निज सहायक दिनेश भकोरिया और स्टेनो टाइपिस्ट अंकित अवधिया का तबादले के नाम पर पैसे के लेन-देन से जुड़ा वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद सरकार ने तीनों कर्मचारियों को पद से हटाकर निलंबित कर दिया था।

ये भी पढ़ें: भोपाल में डेंगू का खतरा बढ़ा: 4,208 घरों में मिला मच्छरों का लार्वा, 206 मरीज मिले

शराब दुकानों के ठेके में भी आया था OSD का नाम

डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के OSD दीपम रायचुरा का नाम भी वर्ष 2024-25 में भोपाल के टीटी नगर क्षेत्र की दो शराब दुकानों के ठेके से जुड़े मामले में सामने आया था। उन पर एक करोड़ रुपये के लेन-देन के आरोप लगे थे। विवाद के बाद उन्हें OSD पद से हटा दिया गया था और विभागीय जांच शुरू की गई थी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन