धार: जनजातीय गौरव दिवस पर मध्यप्रदेश के धार जिले से किसानों को बड़ी सौगात मिली। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को धार जिले के डही में 1353.18 करोड़ रुपये की डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन परियोजना का लोकार्पण किया। इससे धार और आलीराजपुर जिले के 126 गांवों को सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी मिलेगा। परियोजना से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलने के साथ खेती और कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए और जनजातीय समाज के विकास के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कुंवर विजय शाह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
126 गांवों तक पहुंचेगा नर्मदा का पानी
डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन परियोजना के तहत धार जिले के 84 और आलीराजपुर जिले के 42 गांवों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जल के बिना खेती अधूरी है। पानी की कमी के कारण किसानों को परेशानी होती है और गांवों से पलायन की स्थिति बनती है। उन्होंने कहा कि नर्मदा का पानी क्षेत्र में पहुंचना किसानों के लिए बड़ी उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धार, झाबुआ और आलीराजपुर क्षेत्र को विशेष स्नेह मिला है। हाल ही में सरदारपुर में करीब 4 हजार करोड़ रुपये की पाइपलाइन परियोजना का लोकार्पण किया गया था। अब डही में 1300 करोड़ रुपये से अधिक की सिंचाई परियोजना की सौगात मिली है।
जनजातीय नायकों की विरासत को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि भारत में जनजातीय नायकों की समृद्ध विरासत रही है। राधोजी भांगरे, भागोजी नाइक और वीर बाबूराव सेडमा जैसे वीरों की गाथाएं देश की प्रेरणा हैं। उन्होंने राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर सभी जनजातीय नायकों को नमन किया।
पीएम ने कहा कि 15 नवंबर 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई थी। अब यह राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। पहले देश में कई कार्यक्रम विदेशी दृष्टिकोण से आयोजित होते थे, लेकिन अब राष्ट्रीय गौरव और अपनी विरासत को केंद्र में रखकर आयोजन किए जा रहे हैं। यह देश में आए बड़े बदलाव का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन में कोल आंदोलन और संथाल क्रांति के जरिए जनजातीय समाज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टंट्या भील, रानी गाइदेलियो, अल्लूरी सीताराम राजू और रानी दुर्गावती जैसे नायकों ने अपने बलिदान से देश को प्रेरणा दी। भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष आज भी करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणास्रोत है।
30 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री ने बताया कि देशभर में जनजातीय क्षेत्रों से जुड़ी 170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से अधिक परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया है। इनमें जनजातीय संग्रहालय और शिक्षा से जुड़े विकास कार्य भी शामिल हैं। इन परियोजनाओं की कुल लागत करीब 30 हजार करोड़ रुपये है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान शुरू किया है। इनके लिए एक लाख करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। सरकार की प्राथमिकता वंचित वर्गों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
गरीबों ने गरीबी को परास्त किया
पीएम मोदी ने कहा कि देश के 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर निकले हैं। नक्सलवाद और माओवादी आतंक से मुक्ति की दिशा में भी बड़ी सफलता मिली है। इन बदलावों का सबसे अधिक सकारात्मक असर जनजातीय समाज पर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के लिए चार करोड़ से अधिक आवास बनाए गए और 18 हजार ऐसे गांवों तक बिजली पहुंचाई गई, जहां आजादी के बाद भी बिजली नहीं थी। आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। देशभर में 1.75 लाख से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए गए हैं। मुद्रा योजना के तहत बिना गारंटी ऋण देकर गरीबों और जनजातीय समाज के लोगों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
ये भी पढ़ें: भोपाल में हॉकी का उत्साह, एशियाई महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 19 नवंबर से, छह देशों का मुकाबला
हितग्राहियों को बांटे लाभ, महिलाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी और जनजातीय विकास से जुड़े स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समर्पण भाव से काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

