Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsसचिन तेंदुलकर ने 49 साल से संभालकर रखा अपना पहला बैट, डेब्यू...

सचिन तेंदुलकर ने 49 साल से संभालकर रखा अपना पहला बैट, डेब्यू की यादों से जुड़ा है खास रिश्ता

मुंबई: क्रिकेट में इतिहास रचने वाले सचिन तेंदुलकर ने बचपन की एक याद को आज भी संभालकर रखा है। मास्टर ब्लास्टर ने सोशल मीडिया पर अपनी बचपन की तस्वीर शेयर की है। इसमें वे छोटे बच्चे के रूप में हाथ में बल्ला पकड़े नजर आ रहे हैं।

पहला बैट 49 साल बाद भी उनके पास है

सचिन ने बताया कि उनका पहला बैट 49 साल बाद भी उनके पास है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘दिल का मामला है… 49 साल बाद भी ये मेरे साथ है।’ इस तस्वीर के साथ सचिन ने अपने क्रिकेट के शुरुआती दिनों की यादें ताजा कीं।

सचिन तेंदुलकर ने 15 नवंबर 1989 को पाकिस्तान के खिलाफ कराची में 16 साल की उम्र में टेस्ट डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। सचिन ने करीब 24 साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला।

उनका आखिरी टेस्ट मैच 14 से 16 नवंबर 2013 के बीच वेस्टइंडीज के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। यह उनके करियर का 200वां टेस्ट था। 16 नवंबर को उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा।

100 शतक और 34 हजार से ज्यादा रन बनाए

सचिन तेंदुलकर के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतक लगाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने 200 टेस्ट में 15,921 रन बनाए। इसमें 51 शतक और 68 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, 463 वनडे में उनके नाम 18,426 रन हैं। वनडे में उन्होंने 49 शतक और 96 अर्धशतक लगाए। इस तरह सचिन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 34,357 रन बनाए।

वे टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। सचिन ने 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ ग्वालियर में वनडे क्रिकेट का पहला दोहरा शतक भी लगाया था।

ये भी पढे़ं: धार-आलीराजपुर के 126 गांवों को मिलेगा नर्मदा का पानी, 1353 करोड़ की सिंचाई परियोजना का लोकार्पण

सचिन को 2014 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया

सचिन के करियर की सबसे यादगार उपलब्धियों में 2011 का वनडे वर्ल्ड कप शामिल है। भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में श्रीलंका को हराकर दूसरी बार वर्ल्ड कप जीता था। सचिन के लिए यह खास उपलब्धि थी, क्योंकि वह 1992 से लगातार वर्ल्ड कप खेल रहे थे और 6वें प्रयास में चैंपियन बने।

सचिन को 2014 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया। वे यह सम्मान पाने वाले पहले खिलाड़ी बने। उन्हें 2019 में ICC हॉल ऑफ फेम में भी शामिल किया गया।

बचपन में जिस बल्ले को थामकर सचिन ने क्रिकेट खेलना शुरू किया था, उसे 49 साल बाद भी संभालकर रखना बताता है कि उनके लिए क्रिकेट सिर्फ रिकॉर्ड और उपलब्धियों का खेल नहीं, बल्कि जिंदगी से जुड़ा एक भावनात्मक रिश्ता भी है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन