लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की कवायद तेज हो गई है। कांग्रेस ने गठबंधन में 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए सपा को सूची सौंपी है। अब इस सूची के लीक होने से सियासी हलचल बढ़ गई है। कांग्रेस ने अपने पारंपरिक गढ़ रायबरेली और अमेठी की लगभग सभी सीटों पर दावा किया है। इसके अलावा लखनऊ समेत पश्चिमी यूपी, बुंदेलखंड और पूर्वांचल की कई अहम सीटें भी अपनी प्राथमिकता में रखी हैं।
सूची के मुताबिक, कांग्रेस रायबरेली की सदर, बछरावां, हरचंदपुर, सलोन, सरेनी और ऊंचाहार सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। अमेठी की तिलोई, जगदीशपुर, गौरीगंज और अमेठी सीट पर भी दावा किया गया है। लखनऊ की मोहनलालगंज, मलिहाबाद, बख्शी का तालाब, सरोजनी नगर और लखनऊ पूर्व सीटें भी सूची में शामिल हैं।
पश्चिमी यूपी की कई सीटों पर नजर
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने सहारनपुर की सभी छह सीटों के अलावा शामली, थानाभवन, बुढ़ाना, पुरकाजी, मीरापुर, चरथावल, बिजनौर, नगीना, धामपुर और नहटौर पर दावेदारी की है। मुरादाबाद नगर, मुरादाबाद ग्रामीण, कुंदरकी और चंदौसी भी सूची में हैं।
मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर की सीटों में सिवालखास, हस्तिनापुर, मेरठ दक्षिण, बागपत, छपरौली, लोनी, मोदीनगर, हापुड़, दादरी और जेवर शामिल हैं। ब्रज क्षेत्र में अलीगढ़, मथुरा और आगरा की कई सीटों पर भी कांग्रेस चुनाव लड़ना चाहती है।
बुंदेलखंड से पूर्वांचल तक दावेदारी
रुहेलखंड और मध्य यूपी में बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव और बाराबंकी की सीटें शामिल हैं। कानपुर की गोविंदनगर, किदवई नगर, कानपुर कैंट, बिल्हौर और बिठूर के अलावा झांसी, उरई, हमीरपुर, राठ, नरैनी और मानिकपुर पर भी दावा किया गया है।
पूर्वांचल में प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी और वाराणसी की प्रमुख सीटों को सूची में जगह मिली है। वाराणसी की पिंडरा, रोहनिया, वाराणसी उत्तर और कैंट सीटों के अलावा गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर और सोनभद्र की सीटें भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: अब आंगनवाड़ियों की दीवारें सिखाएंगी ककहरा, जनभागीदारी से होगा कायाकल्प
17 नवंबर से सीटों पर मंथन
सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर सोमवार को उच्चस्तरीय बैठक प्रस्तावित है। वहीं, दोनों दलों के बीच 17 नवंबर से औपचारिक बातचीत शुरू होने की संभावना है। इसके लिए सपा और कांग्रेस की कमेटियां बनाई जा रही हैं। ये कमेटियां विधानसभा सीटों के चुनावी समीकरण, संभावित उम्मीदवारों और जीत की संभावनाओं पर चर्चा करेंगी।
यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, पार्टी ने सपा को 180 से 200 सीटों की सूची सौंपी है। कमेटियों की रिपोर्ट के बाद शीर्ष नेतृत्व सीटों पर अंतिम फैसला करेगा। कांग्रेस का कहना है कि वह गठबंधन में सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहती है, लेकिन प्राथमिकता जिताऊ उम्मीदवारों को देने पर है।

