कटनी: जिले के बरगवां स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम से 12 करोड़ रुपये के गहने चोरी करने वाले गिरोह के एक प्रमुख आरोपी को पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। झारखंड के साहिबगंज निवासी बदरुद्दीन शाह (48) को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे आठ दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल गिरोह के छह अन्य सदस्य अब भी फरार हैं।
रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि चोरी की साजिश झारखंड के सात बदमाशों ने मिलकर रची थी। वारदात से पहले बदरुद्दीन कटनी के अन्य बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों की भी रेकी कर रहा था। उसकी संदिग्ध गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थीं। फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसका पीछा किया और कोलकाता रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि बदरुद्दीन ने शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर अंदर जाने का रास्ता बनाया था और साथियों की मदद की थी। हालांकि, चोरी के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों ने उसे गहनों में हिस्सा नहीं दिया। पुलिस को उसके पास से फिलहाल कोई जेवर नहीं मिला है।
दीवार में किया था 1.75 फीट का छेद
12 नवंबर को बदमाशों ने शोरूम की पिछली ईंट की दीवार में करीब 1.75 फीट का छेद किया था। ईंटें गिरने की आवाज दबाने के लिए नीचे सूखे पत्ते बिछाए गए थे। चोरी में इस्तेमाल पेचकस और पाना मुंबई से खरीदे गए थे, जबकि गैस कटर और ऑक्सीजन सिलिंडर कटनी से जुटाए गए थे। वारदात के बाद पुलिस को लाल पहाड़ी के पास गैस कटर और सिलिंडर मिले थे।
ये भी पढ़ें: रायसेन में मिला 5 लाख साल पुराना हाथी का जबड़ा, 22 टन वजनी रही होगी प्रजाति!
32 कैमरे बंद कर अंदर घुसे बदमाश
शोरूम संचालक मोहन बजाज के मुताबिक, दिवाली के कारण दुकान में सामान्य दिनों से ज्यादा गहने रखे थे। तिजोरी या लॉकर की व्यवस्था नहीं होने से सभी कीमती जेवर डिस्प्ले काउंटर में रखे थे। पिछले हिस्से में अंधेरा था और वहां लाइट व कैमरे नहीं लगे थे।
आईजी प्रमोद वर्मा के मुताबिक, शोरूम के अंदर 32 सीसीटीवी कैमरे थे, लेकिन बदमाशों ने घुसते ही उन्हें बंद कर दिया। शुरुआती फुटेज में एक आरोपी काउंटर खोलता और दूसरा दीवार के छेद से उसे औजार पकड़ाता दिख रहा है। पुलिस फरार छह आरोपियों की तलाश के साथ सुरक्षा गार्ड भागवत तिवारी से भी पूछताछ कर रही है।
आरोपी का हुलिया सीसीटीवी मेें कैद


