बालाघाट: जिले के वारासिवनी थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। जिला अस्पताल में सोमवार सुबह पुलिस ने दोनों युवकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।
डोरली मंडई देखने गए थे तीनों युवक
जानकारी के अनुसार निकुंज बघेले, राज नाकोटे व अनिल भगत तीनों सेरपार निवासी हैं। राज आईटीआई की पढ़ाई करता था, जबकि निकुल व अनिल कमाई के लिए नागपुर जाते थे। उनके गांव से कुछ दूरी पर स्थित गांव डोरली में मंडई भरी थी, जिसे देखने के लिए तीनों युवक मोटरसाइकिल से गए थे।
बताया गया कि रात करीब एक बजे कार्यक्रम देखने के बाद तीनों अपने घर लौट रहे थे। तभी सेरपार व डोरली के बीच उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल बालाघाट लेकर पहुंचे। यहां मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद राज व निकुंज को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनिल का उपचार जारी है।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
एक साथ दो युवकों की मौत की खबर से सेरपार गांव में मातम पसर गया। दोनों युवकों के घरों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। रात के अंधेरे में तेज रफ्तार के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रह पाया और हादसा हो गया। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों के बयान दर्ज किए हैं।

