न्यूजीलैंड: भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुरुवार से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले कीवी टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के व्हाइट-बॉल कप्तान और अनुभवी ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर चोट के चलते पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं।
मिचेल सैंटनर के दाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ
मिचेल सैंटनर के दाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। उन्हें यह चोट पांचवें वनडे मुकाबले के दौरान लगी थी। चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें टेस्ट सीरीज से बाहर रखने का फैसला लिया गया है।
डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को टीम में मौका दिया गया
सैंटनर की जगह डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को टीम में मौका दिया गया है। अब देखना होगा कि सैंटनर की गैरमौजूदगी में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय परिस्थितियों में स्पिन गेंदबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन के मोर्चे पर किस तरह चुनौती पेश करती है।
फॉक्सक्रॉफ्ट ने मई में आयरलैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने अपने पहले टेस्ट की एक पारी में 98 रन बनाए थे। 129 गेंदों की इस पारी में उन्होंने 6 चौके और एक छक्का लगाया था। उनका बल्लेबाजी औसत 98 और स्ट्राइक रेट 75.96 रहा।
बता दें, रविवार को भारत के खिलाफ पांचवें और आखिरी वनडे में बल्लेबाजी के दौरान सेंटनर के हाथ पर गेंद लगी थी। इसके बाद कराए गए स्कैन में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने मीडिया रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी।
सैंटनर की मैदान पर वापसी की समय-सीमा तय की जा रही
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, सैंटनर की मैदान पर वापसी की समय-सीमा तय की जा रही है। भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद न्यूजीलैंड को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। बोर्ड ऑस्ट्रेलिया सीरीज में सेंटनर की उपलब्धता पर बाद में अपडेट देगा।
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड में दो भीषण सड़क हादसे, 12 लोगों की मौत, 31 घायल
वनडे सीरीज में 1-3 से हारी थी न्यूजीलैंड
भारत के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में भी न्यूजीलैंड की टीम चोटों से परेशान रही थी। सीरीज में उसके कई प्रमुख खिलाड़ी उपलब्ध नहीं थे। टीम को यह सीरीज 1-3 से गंवानी पड़ी थी।

