टिहरी/रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड में मंगलवार भीषण हादसों के नाम रहा। दो अलग-अलग सड़क हादसों में 12 लोगों की मौत हो गई और 31 अन्य घायल हो गए। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दोनों स्थानों के हादसों पर दुख जताया और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने प्रशासन को घायलों का तत्काल उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों के मुताबिक, टिहरी जिले में मंगलवार सुबह करीब सवा पांच बजे मुनि की रेती क्षेत्र के गूलर बाजार के समीप एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई, जिससे उसमें सवार आठ यात्रियों की मौत हो गई और 25 अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरु किया
टिहरी के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
घायलों को AIMS में भर्ती कराया गया
नेगी ने बताया कि हादसे में घायल 25 लोगों में से 18 को ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है, जबकि शेष सात घायलों को ऋषिकेश के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे का शिकार हुए लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जब दुर्घटना हुई, उस समय बस हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी।

