लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी। इसमें कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। अप्रैल 2026 में प्रकाशित पिछली अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले प्रदेश में 18 लाख 84 हजार 113 मतदाता बढ़े हैं। हालांकि, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं की संख्या में करीब 5.80 लाख की गिरावट दर्ज की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लोक भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मतदाता सूची के आंकड़े जारी किए।
महिला मतदाताओं की संख्या में ज्यादा इजाफा
नई ड्राफ्ट सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष, 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला और 4,042 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। पिछली अंतिम सूची की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या 10 लाख 96 हजार 828 बढ़ी है, जबकि पुरुष मतदाताओं में 7 लाख 87 हजार 449 की वृद्धि हुई है। तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी आई है।
महिला-पुरुष मतदाता अनुपात में भी सुधार हुआ है। प्रति एक हजार पुरुष मतदाताओं पर महिलाओं की संख्या 834 से बढ़कर 840 हो गई है। वहीं, मतदाता-जनसंख्या अनुपात 55.17 से बढ़कर 55.95 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
युवा मतदाताओं की संख्या में बड़ी गिरावट
ड्राफ्ट सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 11 लाख 83 हजार 352 मतदाता दर्ज हैं। अप्रैल में प्रकाशित अंतिम सूची में इनकी संख्या 17 लाख 63 हजार 360 थी। इस तरह इस आयु वर्ग में 5 लाख 80 हजार 8 मतदाता कम हो गए हैं।
निर्वाचन विभाग ने युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है। इसके लिए मतदाता साक्षरता क्लब की मदद ली जाएगी। महिला मतदाताओं और सूची में शामिल होने से छूटे पात्र नागरिकों तक पहुंचने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम और महिला स्वयं सहायता समूहों का सहयोग भी लिया जाएगा।
16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां
ड्राफ्ट मतदाता सूची पर 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम-पते सहित अन्य विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। निर्वाचन विभाग 28 दिसंबर तक दावे और आपत्तियों का निराकरण करेगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
ये भी पढ़ें: 26 नवंबर को भोपाल में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान का होगा आगाज: मुकेश नायक
नवंबर में चार दिन विशेष अभियान
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता सूची और आवेदन फॉर्म के साथ बूथ पर मौजूद रहेंगे।
मतदाता अपने नाम और विवरण की जांच बूथ पर उपलब्ध सूची, बीएलओ, ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in पर भी सूची देखी जा सकती है।
निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राफ्ट सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जरूर जांच लें। यदि नाम शामिल नहीं है तो निर्धारित समय में आवेदन कराएं, ताकि अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज हो सके।
यूपी की ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रमुख आंकड़े
श्रेणी मतदाताओं की संख्या
कुल मतदाता 13,58,68,905
पुरुष 7,38,58,510
महिला 6,20,06,353
तृतीय लिंग 4,042
18-19 वर्ष आयु वर्ग 11,83,352

