मंदसौर: मध्य प्रदेश की मोहन कैबिनेट की बैठक इस बार कुछ खास होने जा रही है। बुधवार को मंदसौर जिले के गांधीसागर में कैबिनेट की बैठक आयोजित होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि इस बैठक से गांधीसागर को नई पहचान मिलेगी और क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, गांधीसागर में होने वाली यह बैठक अब तक आयोजित कैबिनेट बैठकों से अलग होगी। सरकार का फोकस इस क्षेत्र के विकास और नई संभावनाओं को बढ़ावा देने पर है।
बिजली उत्पादन का नया तरीका सामने आया
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीसागर पंप्ड स्टोरेज परियोजना से बिजली उत्पादन का नया तरीका सामने आया है। इसमें पानी को रिसाइकल कर पीक आवर्स में तेजी से बिजली की आपूर्ति की जा सकेगी। इससे राज्य को बड़ा आर्थिक लाभ होगा। परियोजना से हर समय बिजली उपलब्ध रहेगी और इसकी दर भी आधी होगी। प्लांट पूरी क्षमता से 2000 मेगावाट बिजली का उत्पादन करेगा। इस परियोजना की लागत 11,474 करोड़ रुपए है।
सौर ऊर्जा की मदद से ऊपर बने टैंक में पानी भरा जाएगा
उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा की मदद से ऊपर बने टैंक में पानी भरा जाएगा और बिजली की अधिक मांग के समय उससे तत्काल उत्पादन कर सप्लाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए यह परियोजना किसी तीर्थस्थल से कम नहीं होगी।
यह क्षेत्र पर्यटन का अद्भुत केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीसागर में चीता प्रोजेक्ट संचालित हो रहा है। यह क्षेत्र पर्यटन का अद्भुत केंद्र है। यहां लाखों साल पुरानी स्फटिक की शिलाएं हैं, जिन पर शिलालेख और चित्र उकेरे गए हैं। आदिमानव के समय से ही यह क्षेत्र पुरातात्विक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा है। यहां जल संसाधनों की उपलब्धता से मछुआरों को भी लाभ मिल रहा है। राजस्थान से लगे मध्यप्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र का हर स्थान महत्वपूर्ण है।
ये भी पढ़ें: अवमानना केस में केजरीवाल को हाईकोर्ट की आखिरी चेतावनी, 3 हफ्ते में जवाब मांगा
गांधीसागर में 1,920 MW बिजली बनेगी
गांधीसागर में 11,500 करोड़ रुपए की लागत से 1,920 मेगावाट क्षमता वाली एशिया की सबसे बड़ी निर्माणाधीन स्वतंत्र पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना विकसित की जा रही है। ग्रीनको ग्रुप की इस परियोजना में दो जलाशयों के जरिए पानी का बार-बार इस्तेमाल कर बिजली बनाई जाएगी। अतिरिक्त सौर और पवन ऊर्जा से पानी को निचले जलाशय से ऊपरी जलाशय में पहुंचाया जाएगा, जबकि बिजली की अधिक मांग (पीक आवर्स) के दौरान पानी छोड़कर 1,920 मेगावाट बिजली का लगातार 6 घंटे तक उत्पादन किया जा सकेगा।
परियोजना में 9 टर्बाइन लगाए जा रहे हैं और इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 3,580 मिलियन यूनिट होगी। दिसंबर 2026 में टर्बाइनों के पहले सेट का संचालन शुरू होने और जून 2027 से पूरी परियोजना का व्यावसायिक संचालन शुरू होने की योजना है। निर्माण के दौरान करीब 4 हजार लोगों को रोजगार मिला है, जबकि संचालन और रखरखाव के लिए लगभग 200 लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा।

