Tuesday, November 17, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsकालभैरव मंदिर में वीआईपी दर्शन बंद, गर्भगृह में प्रवेश पर रोक; भीड़...

कालभैरव मंदिर में वीआईपी दर्शन बंद, गर्भगृह में प्रवेश पर रोक; भीड़ संभालने 4 करोड़ से बना 500 फीट का ब्रिज

उज्जैन: जिले के प्रसिद्ध कालभैरव मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब मंदिर में वीआईपी दर्शन की सुविधा नहीं मिलेगी और श्रद्धालुओं के गर्भगृह में प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। अगले आदेश तक सभी भक्तों को सामान्य कतार में लगकर ही बाबा कालभैरव के दर्शन करने होंगे। वहीं, मंदिर में भीड़ और अव्यवस्था से राहत देने के लिए शिप्रा नदी के किनारे करीब चार करोड़ रुपये की लागत से 500 फीट लंबा नया ब्रिज तैयार किया गया है। इसे सोमवार या मंगलवार से श्रद्धालुओं के लिए खोलने की तैयारी है।

वीआईपी रसीद पर अगले आदेश तक रोक

मंदिर में पिछले कुछ दिनों से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। स्थिति यह थी कि 500 रुपये की वीआईपी दर्शन रसीद लेने के बाद भी भक्तों को तीन से चार घंटे तक कतार में खड़ा रहना पड़ रहा था। इसके चलते वीआईपी दर्शन की सुविधा का कोई खास लाभ नहीं मिल पा रहा था।

पहले शनिवार और रविवार को वीआईपी दर्शन की रसीद जारी नहीं की जाती थी, लेकिन बढ़ती भीड़ को देखते हुए अब इसे प्रतिदिन बंद कर दिया गया है। सोमवार को भी श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के कारण वीआईपी रसीद जारी नहीं की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भीड़ सामान्य होने के बाद ही वीआईपी दर्शन व्यवस्था दोबारा शुरू करने पर विचार किया जाएगा।

इसके साथ ही तहसीलदार के निर्देश पर गर्भगृह में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है। अब किसी भी श्रेणी के श्रद्धालु को गर्भगृह में जाने की अनुमति नहीं होगी।

डेढ़ महीने में तैयार हुआ 500 फीट लंबा ब्रिज

श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए शिप्रा नदी के किनारे करीब चार करोड़ रुपये की लागत से लोहे का मिनी ब्रिज बनाया गया है। इसकी लंबाई करीब 500 फीट और चौड़ाई 23 फीट है। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह की पहल पर इसका निर्माण महज डेढ़ महीने में पूरा किया गया है।

शुरुआत में अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था। इसके बाद कलेक्टर ने खुद मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाया, जिसके बाद ब्रिज का काम तेजी से पूरा किया जा सका। अब इस पर शेड और लाइटिंग लगाने का काम भी किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को धूप और रात के समय परेशानी न हो।

आने-जाने के लिए होंगे अलग रास्ते

नए ब्रिज के शुरू होने से मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित किया जा सकेगा। अब भक्त मंदिर के मुख्य द्वार से प्रवेश करेंगे और दर्शन के बाद नए ब्रिज से होते हुए बाहर निकल सकेंगे। इससे आने और जाने वाले श्रद्धालुओं के रास्ते अलग-अलग हो जाएंगे। प्रशासन को उम्मीद है कि इससे मंदिर परिसर में धक्का-मुक्की, जाम और भीड़ का दबाव कम होगा।

दर्शन के लिए आने से पहले रखें ध्यान

कालभैरव मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को फिलहाल सामान्य कतार से ही दर्शन करना होगा। वीआईपी रसीद बंद है और गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं है। भीड़ के कारण दर्शन में दो से तीन घंटे या उससे अधिक समय लग सकता है। इसलिए श्रद्धालु पर्याप्त समय लेकर आएं और दर्शन के बाद प्रशासन की ओर से निर्धारित निकास मार्ग का ही उपयोग करें।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन