नई दिल्ली: महंगाई के बीच पेट्रोल-डीजल और LPG डीलर्स ने कमीशन बढ़ाने की मांग तेज कर दी है। देशभर के पेट्रोल पंप मालिकों और गैस एजेंसी संचालकों ने पेट्रोलियम मंत्रालय से कमीशन में बढ़ोतरी की मांग की है। उनका कहना है कि बढ़ते खर्च के चलते मौजूदा कमीशन में कारोबार चलाना मुश्किल हो रहा है।
30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी चाहते हैं
सूत्रों के मुताबिक, पेट्रोल और डीजल पंप मालिक अपने कमीशन में 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी चाहते हैं। वहीं, LPG डीलर्स ने प्रति सिलेंडर मिलने वाले मौजूदा 75 रुपये के कमीशन में कम से कम 122 रुपये की बढ़ोतरी की मांग की है।
यानी गैस डीलर्स प्रति सिलेंडर कुल 197 रुपये कमीशन चाहते हैं। अब देखना होगा कि पेट्रोलियम मंत्रालय इन मांगों पर क्या फैसला लेता है। हालांकि, कमीशन बढ़ाने की मांग का आम उपभोक्ताओं पर क्या असर पड़ेगा, इस पर भी नजर रहेगी।
पंप और गोदाम चलाने की लागत बढ़ गई है
पेट्रोल पंप मालिकों और गैस डीलर्स का कहना है कि पंप और गोदाम चलाने की लागत बढ़ गई है। कर्मचारियों की सैलरी, बिजली बिल, बैंक चार्ज, मेंटेनेंस और अन्य प्रशासनिक खर्च बढ़ा है, जबकि उनका कमीशन उसी अनुपात में नहीं बढ़ा है। कम मार्जिन के कारण छोटे और ग्रामीण इलाकों के पंप संचालकों के लिए खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है।
18 से ज्यादा प्रस्ताव पेंडिंग
पेट्रोल और डीजल डीलर्स के कमीशन में आखिरी बार साल 2024 में बदलाव किया गया था। डीलर्स का कहना है कि दो साल बाद मौजूदा महंगाई और बढ़ते खर्चों को देखते हुए इसमें फिर से बढ़ोतरी की जरूरत है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश की तीनों सरकारी तेल कंपनियों- इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के पास कमीशन बढ़ाने से जुड़े 18 से ज्यादा प्रस्ताव पहले से ही अटके हुए हैं।
ये भी पढ़ें: गांधीसागर में कल मोहन कैबिनेट की बैठक, CM बोले- पीक आवर्स में मिलेगी बिजली; आधी होगी दर
आगे क्या होगा ?
अब इस पूरे मामले पर पेट्रोलियम मंत्रालय और सरकारी तेल कंपनियों को अंतिम फैसला लेना है। अगर सरकार डीलर्स की इन मांगों को मान लेती है, तो इसके दो रास्ते हैं- पहला, तेल कंपनियां अपने मुनाफे से इस बढ़े हुए कमीशन का खर्च उठाएं।
दूसरा, इसे सीधे पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर के दाम में जोड़ दिया जाए। अगर दूसरा रास्ता चुना गया, तो आम लोगों की जेब पर बोझ बढ़ेगा और ईंधन व रसोई गैस महंगे हो सकते हैं।

