भोपाल: राजधानी भोपाल में कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। 26 नवंबर को प्रस्तावित इस मार्च में राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है। लेकिन आयोजन से पहले ही भोपाल पुलिस ने बिना अनुमति धरना, प्रदर्शन और रैलियों पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया है।
दरअसल, सोमवार 16 नवंबर को कांग्रेस ने राहुल गांधी के भोपाल दौरे की संभावना को लेकर जानकारी साझा की। इसी दिन भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिया। यह आदेश अगले दो महीने तक लागू रहेगा।
आदेश सामने आने के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। कांग्रेस ने सरकार के इस कदम पर सवाल उठाए हैं, वहीं भाजपा की ओर से भी पलटवार किया गया है
क्या है पुलिस कमिश्नर का नया आदेश?
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार द्वारा 16 नवंबर 2026 को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 163 के तहत जारी आदेश में निम्नलिखित सख्त प्रावधान किए गए हैं…
बिना अनुमति आयोजन पर रोक: भोपाल नगरीय क्षेत्र में पुलिस उपायुक्त (आसूचना एवं सुरक्षा) की पूर्व अनुमति के बिना कोई भी धरना, प्रदर्शन, आंदोलन, जुलूस, रैली, आमसभा, पुतला दहन, पदयात्रा या घेराव नहीं किया जा सकेगा।
कार्रवाई और वसूली की चेतावनी: बिना परमिशन कार्यक्रम करने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई होगी। साथ ही, सरकारी या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर आयोजकों से ही क्षतिपूर्ति वसूली जाएगी।
भाजपा सरकार की घबराहट साफ नजर आ रही है
कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने सोशल मीडिया पर पुलिस कमिश्नर का आदेश साझा करते हुए प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जब से कांग्रेस ने 26 नवंबर को ‘वोट चोरी’ के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है, तब से भाजपा सरकार की घबराहट साफ नजर आ रही है। पुलिस का पहरा, प्रशासनिक प्रतिबंध और सत्ता का दबाव कांग्रेस को लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा की लड़ाई लड़ने से नहीं रोक पाएगा।
विधायक रामेश्वर शर्मा का पलटवार
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन पूरी तरह फ्लॉप होने के बाद अब राहुल गांधी राज्यों में कार्यक्रम करने निकले हैं। शर्मा ने कहा, “यदि कांग्रेस को भोपाल में कार्यक्रम करना है तो किसी ने मना नहीं किया है। पूरा जंबूरी मैदान खाली पड़ा है, वे वहां की अनुमति लेकर आयोजन कर लें।”
इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर ‘वोट चोरी’ जैसे भ्रामक मुद्दे उठाकर संवैधानिक संस्थाओं को चुनौती देने का आरोप लगाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी जब भी एमपी आते हैं, केवल जीतू पटवारी के एजेंडे को आगे बढ़ाते हैं और दिग्विजय सिंह, कमलनाथ व अरुण यादव जैसे वरिष्ठ नेताओं का अपमान करके चले जाते हैं।
ये भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल डीलर्स ने कमीशन बढ़ाने की मांग उठाई, पेट्रोल पर ₹1.50 और डीजल पर ₹2.50 बढ़ोतरी की मांग
मुकेश नायक ने उठाए सवाल
विवाद पर मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस हमेशा नियमों और प्रक्रिया के तहत ही कार्यक्रम करती है। जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में स्थान तय होने के बाद प्रशासन से विधिवत अनुमति मांगी जाएगी। लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत विपक्ष को अनुमति देना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

