Friday, November 20, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsउज्जैन के 3 हजार सफाई मित्रों को मिलेंगे 1.50 करोड़ रुपये, सीएम...

उज्जैन के 3 हजार सफाई मित्रों को मिलेंगे 1.50 करोड़ रुपये, सीएम मोहन ने की घोषणा

उज्जैन: स्वच्छता सर्वेक्षण में देशभर में पहला स्थान हासिल करने वाले उज्जैन के सफाई मित्रों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी सौगात दी है। शहर के 54 वार्डों में काम करने वाले 3 हजार सफाईकर्मियों को सरकार पांच-पांच हजार रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि देगी। यानी सफाई मित्रों को कुल 1.50 करोड़ रुपये मिलेंगे। मंगलवार को गीता भवन में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की। उन्होंने सफाईकर्मियों पर पुष्पवर्षा कर उनकी मेहनत को सलाम किया।

प्रदेश के 9 शहरों को मिले पुरस्कार

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में देश के कुल 27 पुरस्कारों में से मध्यप्रदेश के 9 शहरों को अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार मिले हैं। यह उपलब्धि सफाईकर्मियों और प्रदेश के नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अब देश के सबसे स्वच्छ राज्यों में अग्रणी बन गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्जैन ने 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, इंदौर ने इसी श्रेणी में लगातार दूसरी बार दूसरा स्थान प्राप्त किया है। देपालपुर ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। पहले सर्वेक्षण में 1700वें स्थान पर रहने वाला देपालपुर अब अपनी श्रेणी में पहले स्थान पर पहुंच गया है।

इसके अलावा देवास, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और बुधनी ने भी अलग-अलग श्रेणियों में स्वच्छता पुरस्कार हासिल किए हैं।

पत्तल उठाने में भी है बड़ा पुण्य

मुख्यमंत्री ने सफाईकर्मियों के काम को सम्मानजनक बताते हुए भगवान श्रीकृष्ण का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने करीब पांच हजार साल पहले ही स्वच्छता का संदेश दिया था। जितना पुण्य भोजन कराने में है, उससे अधिक पुण्य जूठी पत्तल उठाने में है। यह भी एक पवित्र कार्य है।

उन्होंने कहा कि सफाई मित्र केवल शहर की सफाई नहीं करते, बल्कि उसकी सेहत, सुंदरता और सम्मान की रक्षा भी करते हैं। दीपावली पर महालक्ष्मी के साथ झाड़ू की पूजा और शीतला माता के हाथ में झाड़ू का होना भी स्वच्छता के महत्व को दर्शाता है।

कचरे से बिजली, फूलों से बन रही अगरबत्ती

मुख्यमंत्री ने उज्जैन में कचरा प्रबंधन के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि शहर में गीले कचरे को प्रसंस्कृत कर बिजली बनाई जा रही है। मंदिरों से निकलने वाले फूलों और पूजन सामग्री से स्व-सहायता समूहों की महिलाएं अगरबत्ती, धूपबत्ती और गुलाल तैयार कर रही हैं। सूखे कचरे का इस्तेमाल ईंधन के रूप में किया जा रहा है।

निर्माण और विध्वंस से निकलने वाले मलबे के प्रबंधन के लिए 75 टन प्रतिदिन क्षमता का वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट विकसित किया जा रहा है। घर-घर कचरा संग्रहण के लिए 40 नए सीएनजी वाहन आ चुके हैं, जबकि 40 अन्य वाहन भी जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सफाईकर्मियों की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दे रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

ये भी पढ़ें: जबलपुर-भोपाल-इंदौर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की कमान शैलेश पाठक को, 3 साल के लिए नियुक्ति

सफाई मित्रों की मेहनत को मिला सम्मान

समारोह में उज्जैन के महापौर मुकेश टटवाल ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में पहला स्थान हासिल करना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है। नगर निगम सभापति कलावती यादव ने कहा कि इस पुरस्कार का गौरव बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य बालयोगी उमेशनाथ, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वच्छता मित्र मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन