Friday, November 20, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल में अब किराएदार से डिलीवरी ब्वॉय तक का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य

भोपाल में अब किराएदार से डिलीवरी ब्वॉय तक का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य

भोपाल: राजधानी भोपाल में अब किराएदार रखने से लेकर डिलीवरी ब्वॉय और घरेलू नौकर नियुक्त करने तक पुलिस को जानकारी देना अनिवार्य होगा। शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बाहरी असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने सख्त आदेश जारी किया है। इसके तहत मकान मालिकों, होटल संचालकों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और निजी सुरक्षा एजेंसियों को अपने यहां रहने और काम करने वाले लोगों का पुलिस वेरिफिकेशन कराना होगा।

पुलिस कमिश्नर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 163 के तहत यह निषेधाज्ञा जारी की है। आदेश 16 नवंबर 2026 से अगले दो महीने तक पूरे भोपाल शहर में प्रभावी रहेगा। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

मकान मालिकों को सात दिन में देनी होगी जानकारी

आदेश के मुताबिक, मकान मालिकों को नया किराएदार रखने के सात दिन के भीतर उसकी पूरी जानकारी संबंधित पुलिस थाने या एमपी पुलिस सिटिजन पोर्टल पर दर्ज करानी होगी। पुराने किराएदारों और घरेलू सहायकों का विवरण देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। पीजी में रहने वाले लोगों की जानकारी देना भी अनिवार्य होगा।

डिलीवरी और सुरक्षा कर्मचारियों का भी होगा सत्यापन

ऑनलाइन शॉपिंग, कूरियर और होम डिलीवरी सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों की पहचान और अन्य जरूरी विवरण पुलिस को उपलब्ध कराने होंगे। निजी सुरक्षा एजेंसियों और व्यक्तिगत रूप से नियुक्त सिक्योरिटी गार्ड के दस्तावेज भी संबंधित थाने में जमा कराने होंगे।

होटल, हॉस्टल और स्पा संचालकों को निर्देश

होटल, लॉज, धर्मशाला, रिसॉर्ट और गेस्ट हाउस संचालकों को अपने यहां ठहरने वाले मेहमानों का रिकॉर्ड रखना होगा। जरूरत के मुताबिक इसकी जानकारी पुलिस को देनी होगी। छात्रावास संचालकों को भी रहने वाले छात्र-छात्राओं का पूरा ब्योरा उपलब्ध कराना होगा।

इसके अलावा निर्माण कार्यों में लगे ठेकेदारों को मजदूरों की जानकारी देनी होगी। स्पा सेंटर, मसाज सेंटर और ब्यूटी पार्लर संचालकों को कर्मचारियों के पहचान संबंधी दस्तावेज पुलिस को देने होंगे। वाहन किराए पर देने वाली ट्रैवल्स एजेंसियों को भी ग्राहकों की पहचान सत्यापित कर उनके दस्तावेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार को हटाने राष्ट्रपति से गुहार लगाएंगे दिग्विजय सिंह, मिस्ड कॉल से जुटाएंगे समर्थन

सुरक्षा के मद्देनजर उठाया कदम

पुलिस प्रशासन के मुताबिक, राजधानी में वीआईपी मूवमेंट, संवेदनशील प्रतिष्ठानों और आंतरिक सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इसका उद्देश्य शहर में आने वाले बाहरी लोगों की पहचान सुनिश्चित करना और आपराधिक गतिविधियों में शामिल संदिग्ध व्यक्तियों पर समय रहते नजर रखना है।

पुलिस कमिश्नर ने नागरिकों, मकान मालिकों और कारोबारियों से आदेश का पालन करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि निर्धारित नियमों की अनदेखी करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन